Breaking News

बैकुंठपुर@ राजनीतिक सीमाओं से ऊपर मानवीय पहल

Share


कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष की माताजी का हालचाल जानने एम्स पहुंचे विधायक भईयालाल राजवाड़े
-रवि सिंह-
बैकुंठपुर,27 दिसंबर 2025 (घटती-घटना)।
राजनीति से अलग एक मानवीय तस्वीर उस समय सामने आई,जब बैकुंठपुर विधायक भईयालाल राजवाड़े रायपुर स्थित एम्स रायपुर पहुंचे और कांग्रेस पार्टी के बैकुंठपुर ब्लॉक अध्यक्ष अजय सिंह की अस्वस्थ माताजी का हालचाल जाना। विधायक ने चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए, राजनीतिक मतभेदों से परे जाकर दिखाई गई यह मानवीय संवेदना बैकुंठपुर की राजनीति में एक सकारात्मक संदेश के रूप में देखी जा रही है जहां संवेदना, सेवा और सामाजिक सरोकार पार्टी सीमाओं से ऊपर नजर आए।
रायपुर में रहकर भी क्षेत्र से जुड़ाव
गौरतलब है कि विधायक भईयालाल राजवाड़े स्वयं इन दिनों रायपुर में रहकर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। इसके बावजूद क्षेत्र के लोगों से उनका जुड़ाव बना हुआ है। इसी क्रम में वे एम्स अस्पताल पहुंचे और कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष की माताजी से मुलाकात कर मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया।
एम्स में चल रहा इलाज…बेटे कर रहे देखरेख
कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अजय सिंह की माताजी वर्तमान में अस्वस्थ हैं और उनका इलाज रायपुर एम्स अस्पताल में जारी है। अजय सिंह कई दिनों से रायपुर में ही रहकर अपनी माताजी की देखरेख कर रहे हैं। इस कठिन समय में विधायक की यह मुलाकात परिवार के लिए संबल मानी जा रही है।
सोशल मीडिया के माध्यम से दी जानकारी
विधायक भईयालाल राजवाड़े ने स्वयं इस मुलाकात की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की। पोस्ट में उन्होंने शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना व्यक्त की,जिसे विभिन्न वर्गों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली।
कांग्रेस नेतृत्व की गैरमौजूदगी बनी चर्चा का विषय
इस घटनाक्रम के बाद एक राजनीतिक चर्चा भी तेज हो गई। जहां भाजपा विधायक एक कांग्रेस नेता के परिवारजन का हालचाल जानने पहुंचे,वहीं कांग्रेस के जिला या प्रदेश स्तर के किसी नेता की एम्स में उपस्थिति नजर नहीं आई। यह स्थिति स्थानीय राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है।
‘इलाज वाले बाबा’ की छवि फिर हुई मजबूत
भईयालाल राजवाड़े अपने पहले कार्यकाल से ही क्षेत्र में इलाज वाले बाबा के नाम से पहचाने जाते रहे हैं। जनता की चिकित्सा संबंधी जरूरतों और उनके स्वास्थ्य की चिंता को लेकर उनकी सक्रियता पहले भी सामने आती रही है। एम्स अस्पताल में की गई यह मुलाकात भी उसी छवि को और मजबूत करती दिखाई दी।


Share

Check Also

बलरामपुर @ पुलिस स्मृति दिवस पर शहीदों को दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि

Share कलेक्टर और एसपी ने शहीद परिजनों को शॉल-श्रीफल भेंटकर किया सम्मानित,समस्याओं के निराकरण का …

Leave a Reply