-संवाददाता-
अम्बिकापुर,26 दिसम्बर 2025 (घटती-घटना)। भारतीय जनता पार्टी सरगुजा द्वारा शुक्रवार को अंबिकापुर विधानसभा स्तरीय एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) 2025 कार्यशाला का आयोजन पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम के सभाकक्ष में किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया की अध्यक्षता में कार्यशाला के मुख्य अतिथि वक्ता संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, अतिथि वक्ता के रूप में सरगुजा संभाग संगठन प्रभारी अवधेश चंदेल एवं प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी उपस्थित रहे। मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि एसआईआर अभियान लोकतंत्र की मजबूती का आधार है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि एसआईआर के दूसरे चरण में पूरी निष्ठा और ताकत से कार्य करें, ताकि किसी भी सही मतदाता का नाम न कटे और जो लोग गलत तरीके से मतदाता सूची में शामिल हो गए हैं,उनकी पहचान कर सूची को शुद्ध किया जा सके। सरगुजा संभाग संगठन प्रभारी अवधेश चंदेल ने कहा कि एसआईआर को अत्यंत गंभीरता से लेने की आवश्यकता है। सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा के साथ योजनाबद्ध तरीके से इस कार्य में जुटें। उन्होंने कहा कि एसआईआर फेस-2 में सतर्कता और निरंतरता आवश्यक है, क्योंकि यह प्रक्रिया आने वाले सभी चुनावों के लिए कारगर साबित होगी।
प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी ने बूथवार बीएलए-2, जनप्रतिनिधियों, पार्षदों, मंडल एवं जिला पदाधिकारियों से एसआईआर के अगले चरण को गंभीरता से लेने का आग्रह किया। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि एक-एक वोट का महत्व है और इसी नई मतदाता सूची पर भविष्य के सभी चुनाव निर्भर करेंगे। उन्होंने एसआईआर को लेकर कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर युद्ध स्तर पर जुटने का आह्वान किया। इस दौरान भाजपा नेता अनिल सिंह मेजर, पूर्व जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, अम्बिकेश केशरी, बीएलए निलेश सिंह, जनमेजय मिश्रा ने भी संबोधित किया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur