गतिविधियां संगठन आधारित होंगी तो सहजता से लक्ष्य हासिल करेंगे
बैकुण्ठपुर,25 दिसम्बर 2025(घटती-घटना)। विकासखंड सोनहत मुख्यालय अंतर्गत ग्राम कटगोड़ी मिनी स्टेडियम में भारतीय जनता पार्टी मंडल सोनहत की संगठनात्मक बैठक का आयोजन अटल स्मृति वर्ष के अवसर पर किया गया।, बैठक में स्पष्ट संदेश दिया गया कि संगठन आधारित गतिविधियां ही लक्ष्य तक पहुंचने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं,और बूथ से लेकर मंडल स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता से ही संगठन की शक्ति बढ़ती है। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी,भारत माता एवं पं. दीनदयाल उपाध्याय के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, बैठक में प्रमुख रूप से एमसीबी जिला संगठन प्रभारी बाबूलाल अग्रवाल, विधायक रेणुका सिंह, भाजपा कोरिया जिलाध्यक्ष देवेन्द्र तिवारी, एमसीबी जिलाध्यक्ष चम्पादेवी पावले, जिला सहकारी बैंक उपाध्यक्ष जगदीश साहू की गरिमामयी उपस्थिति रही। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष राजाराम राजवाड़े ने की। एमसीबी जिलाध्यक्ष चम्पादेवी पावले ने संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की और सभी कार्यकर्ताओं से कार्यक्रमों को सफल बनाने की अपील की।
संगठन की मजबूती पर जोर
स्वागत उद्बोधन में भाजपा कोरिया जिलाध्यक्ष देवेन्द्र तिवारी ने कहा कि संगठन में कार्यकर्ताओं को समय-समय पर विभिन्न जिम्मेदारियां मिलती हैं और वे संगठनात्मक कार्यों के क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता सतत रूप से संगठन और समाज-सेवा में सक्रिय रहता है, जिससे बूथ स्तर पर संगठन मजबूत होता है।
भाजपा जनसेवा का सशक्त माध्यम
विधायक रेणुका सिंह ने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि जनसेवा का सशक्त माध्यम है, उन्होंने कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है और इसका श्रेय समर्पित कार्यकर्ताओं को जाता है।
निष्ठा और सक्रियता से कार्यक्रम पूर्ण करें…
एमसीबी जिला संगठन प्रभारी बाबूलाल अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी मेहनत से संगठन को सशक्त बनाता है। उन्होंने कहा कि क्षण भर की सूचना पर सैकड़ों कार्यकर्ता कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए उपस्थित हो जाते हैं। उन्होंने प्रदेश एवं जिला स्तर पर निर्धारित कार्यक्रमों को पूरी निष्ठा और सक्रियता से संपन्न कराने का आह्वान किया।
कार्यकर्ताओं की व्यापक उपस्थिति
कार्यक्रम में भाजपा जिला मंत्री ईश्वर राजवाड़े, जिला पंचायत सदस्य व जिला मंत्री शिव कुमारी सोनपाकर, जनपद अध्यक्ष आशादेवी सोनपाकर, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी तीरथ राजवाड़े सहित मंडल पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक-सह संयोजक, बूथ अध्यक्ष-सचिव एवं बी.एल.ए.-2 बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur