कक्षा 11 वीं की छात्रा अपूर्व ठाकुर ने मुख्यमंत्री को भेंट किया छायाचित्र
सूरजपुर,24 दिसम्बर 2025 (घटती-घटना)। सेजेश नवापारा में अध्ययनरत कक्षा 11वीं की छात्रा अपूर्व ठाकुर ने राज्य स्तरीय युवा महोत्सव 2025 के अवसर पर मुख्यमंत्री को उनका छायाचित्र भेंट कर न केवल विद्यालय बल्कि पूरे सूरजपुर जिले का मान बढ़ाया है, यह भव्य आयोजन 23, 24 एवं 25 दिसंबर को बहतरई स्टेडियम में आयोजित किया जा रहा है।
राज्य स्तरीय इस महोत्सव में सूरजपुर जिले से 83 प्रतिभागियों का दल लोकनृत्य, लोकगीत, एकल एवं सामूहिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी कला का प्रदर्शन कर रहा है, जिले के प्रतिभागियों की सक्रिय और प्रभावशाली उपस्थिति ने सूरजपुर की सांस्कृतिक पहचान को राज्य स्तर पर मजबूती प्रदान की है, कार्यक्रम के दौरान विष्णु देव साय को अपूर्व ठाकुर द्वारा छायाचित्र भेंट किया जाना युवाओं की रचनात्मकता और आत्मविश्वास का प्रतीक माना जा रहा है। यह क्षण उपस्थित दर्शकों और प्रतिभागियों के लिए भी प्रेरणादायक रहा, इस अवसर पर खेल अधिकारी आरती पांडेय, दल प्रभारी सीमांचल त्रिपाठी, सहायक दल प्रभारी राजलाल प्रजापति एवं भूपेश देवांगन, दल सहायक सुनैना जायसवाल, माया ध्रुव, संजय यादव, दिलसाय ध्रुव, बलवीर सिंह एवं आयुष कुमार सहित अन्य अधिकारी व शिक्षकगण उपस्थित रहे, कलेक्टर एस. जयवर्धन के निर्देशन में जिले के प्रतिभागी पूरी तैयारी और उत्साह के साथ विभिन्न विधाओं में प्रस्तुति दे रहे हैं, यह महोत्सव युवाओं को अपनी प्रतिभा को मंच देने के साथ-साथ आत्मविश्वास और सांस्कृतिक चेतना को भी सशक्त कर रहा है, कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक अनुज शर्मा एवं सुशांत शुक्ला सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण मौजूद रहे।
जब युवा मंच पर आते हैं, जिले की पहचान बनती है…
राज्य स्तरीय युवा महोत्सव केवल सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रतिभा, आत्मविश्वास और पहचान का संगम है, अपूर्व ठाकुर जैसी छात्राओं की सहभागिता यह सिद्ध करती है कि छोटे जिलों के युवा भी बड़े मंचों पर अपनी छाप छोड़ने का माद्दा रखते हैं, सूरजपुर के युवाओं की यह सक्रिय भागीदारी बताती है कि सही मार्गदर्शन और अवसर मिले, तो प्रतिभा सीमाओं की मोहताज नहीं होती।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur