उद्यानिकी प्रशिक्षण से सशक्त होंगे किसान और युवा,सुशासन सप्ताह पर विशेष पहल
सूरजपुर,24 दिसंबर 2025 (घटती-घटना)। जिले में आत्मनिर्भरता और हरित अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में उद्यानिकी विभाग ने एक दूरदर्शी और व्यावहारिक पहल की है, सुशासन सप्ताह के अवसर पर जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) निधि के प्रभावी उपयोग से किसानों एवं स्थानीय युवक-युवतियों के लिए विशेष उद्यानिकी प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है, जो आने वाले समय में जिले की कृषि-आधारित अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई देगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मंशानुरूप एवं कलेक्टर एस. जयवर्धन के निर्देशन में ग्राफ्टेड टमाटर, बैंगन एवं अन्य उद्यानिकी फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देने हेतु यह विशेष प्रशिक्षण अभियान प्रारंभ किया गया है, इसका उद्देश्य किसानों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ते हुए बढ़ती सब्जी मांग के अनुरूप उत्पादन क्षमता को सुदृढ़ करना है,अब तक जिले के किसानों को ग्राफ्टेड पौधों के लिए बाहरी एजेंसियों पर निर्भर रहना पड़ता था,जिससे लागत,समय और उपलब्धता तीनों पर असर पड़ता था, इसी चुनौती को देखते हुए जिला प्रशासन ने कौशल विकास आधारित माली प्रशिक्षण योजना लागू की है,ताकि जिले में ही गुणवत्तापूर्ण ग्राफ्टेड पौधों का उत्पादन संभव हो सके और बाहरी निर्भरता घटे,डीएमएफ निधि से उद्यानिकी विभाग को माली प्रशिक्षण हेतु राशि उपलब्ध कराई गई है। इसके तहत शासकीय उद्यान दतिमा (विकासखंड सूरजपुर) और शासकीय उद्यान खोरमा (विकासखंड प्रतापपुर) में 30-30, कुल 60 हितग्राहियों किसान एवं स्थानीय युवक-युवतियों को निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण में कटिंग, बडिंग और ग्राफ्टिंग जैसी आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान प्रदान किया जा रहा है। प्रशिक्षण पूर्ण होने पर हितग्राहियों को उद्यानिकी टूल-किट भी दी जाएगी, ताकि वे तुरंत कार्य प्रारंभ कर सकें।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur