-संवाददाता-
अम्बिकापुर,23 दिसम्बर 2025 (घटती-घटना)। ग्राम बटाईकेला के एक किसान परिवार ने अपने जीवन और खेती की जमीन बचाने के लिए राष्ट्रपति से इच्छा मृत्यु की अनुमति मांगी है। केवला बाई पति चक्त के परिवार के 12 सदस्य पिछले 70 वर्षों से खसरा नंबर 1784 पर खेती-किसानी कर अपना जीवन यापन कर रहे हैं। यह भूमि सरकारी रिकॉर्ड में शासकीय दर्ज है, लेकिन यह भूमि उनके पूर्वजों की मेहनत से कृषि योग्य बनाई गई थी। ग्राम पंचायत ने बिना किसी पूर्व सूचना या ग्रामसभा की अनुमति के इस भूमि पर आंगनवाड़ी निर्माण का कार्य शुरू कर दिया है। आरोप है कि यह निर्माण सरपंच,सचिव और टेंडर धारक के बीच मिलीभगत से हो रहा है। इसके अलावा,सरपंच बीरेंद्र गुप्ता पर भी आरोप है कि उन्होंने शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा कर लिया है, लेकिन प्रशासन ने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की। केवला बाई के परिवार में 12 सदस्य हैं,जिनमें से 4 सदस्य विकलांग हैं। इसमें दो दृष्टिहीन, एक शारीरिक विकलांग और एक मानसिक अस्वस्थ सदस्य है। परिवार का कहना है कि यदि उनकी खेती की भूमि छीन ली जाती है तो उनका जीवन संकट में पड़ जाएगा और वे अपनी आजीविका के लिए संघर्ष करेंगे। इस स्थिति से मानसिक उत्पीडऩ का सामना कर रहे केवला बाई और उनके परिवार ने राष्ट्रपति से इच्छा मृत्यु की अनुमति देने की अपील की है, ताकि वे इस मानसिक पीड़ा से मुक्त हो सकें।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur