
धरना सड़क पर…लेकिन कांग्रेस भीतर से बंटी हुई? मनरेगा की ‘हत्या’ के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल
अग्रसेन चौक पर धरना, केन्द्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी
सूरजपुर,23 दिसंबर 2025 (घटती-घटना)। मनरेगा के मुद्दे पर कांग्रेस ने सड़क पर उतरकर केन्द्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला,लेकिन संगठन के भीतर गुटबाजी और वरिष्ठ नेताओं की गैरमौजूदगी ने प्रदर्शन की धार के साथ-साथ पार्टी की एकजुटता पर भी सवाल खड़े कर दिए। केन्द्र सरकार द्वारा मनरेगा का नाम बदलकर नया कानून लाने के विरोध में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी सूरजपुर ने स्थानीय अग्रसेन चौक पर हल्ला बोल धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने केन्द्र सरकार के खिलाफ तीखी नारेबाजी करते हुए मनरेगा को गरीबों और मजदूरों की जीवनरेखा बताया और उसके कथित समाप्तिकरण की साजिश का आरोप लगाया। धरना-प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेसजन शामिल हुए, इस दौरान इस्माईल खान,सुनील अग्रवाल, विमलेशदत्त तिवारी,अनिल गुप्ता,जगत आयाम, बिहारी कुलदीप,आनंद कुंवर, विमला सिंह, गोपाल शर्मा, गोवर्धन सिंह, संतोष पावले, अभिषेक शर्मा सहित अन्य नेताओं ने सरकार पर तीखा हमला बोला, कार्यक्रम के दौरान कटघोरा के पास हुई हृदयविदारक घटना में सूरजपुर के एक ही परिवार के तीन सदस्यों के दुखद निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। धरने का संचालन शहर कांग्रेस अध्यक्ष संजय डोसी ने किया। धरना-प्रदर्शन में कांग्रेस, युवक कांग्रेस, महिला कांग्रेस एवं अनुसांगिक संगठनों के बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
केन्द्र सरकार सुधार के नाम पर दुनिया की सबसे बड़ी रोजगार गारंटी योजना को कमजोर कर रही…
धरने को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि केन्द्र सरकार सुधार के नाम पर दुनिया की सबसे बड़ी रोजगार गारंटी योजना मनरेगा को धीरे-धीरे कमजोर कर रही है। यह गरीबों और मजदूरों के संवैधानिक अधिकारों को छीनने की कोशिश है। उनका कहना था कि बीते दो दशकों से करोड़ों परिवारों की आजीविका का सहारा बनी मनरेगा को सीमित कर सरकार करोड़ों मजदूरों को योजना से बाहर करने की तैयारी में है।
नरेंद्र मोदी शुरू से ही मनरेगा के विरोधी…
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी शुरू से ही मनरेगा के विरोधी रहे हैं,पिछले पांच वर्षों में मनरेगा के तहत 100 दिन की रोजगार गारंटी सिमटकर 50-55 दिन तक रह गई है। लोकसभा में विधेयक पारित कर योजना को समाप्त करने का रास्ता साफ किया जा रहा है ऐसा कांग्रेस का दावा है।
कांग्रेस का एक धड़ा रहा नदारद…
जिला कांग्रेस के इस बड़े प्रदर्शन में पार्टी का एक धड़ा पूरी तरह नदारद नजर आया,सूत्रों के अनुसार,पैलेस समर्थक कहे जाने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं की अनुपस्थिति ने संगठनात्मक एकजुटता पर सवाल खड़े कर दिए हैं, हाल के अधिकांश कार्यक्रमों में यह स्थिति दोहराई जा रही है।
पूर्व विधायक व मंत्री भी नहीं आए नजर…
नए जिलाध्यक्ष की नियुक्ति के बाद से आयोजित पार्टी कार्यक्रमों में जिले के पूर्व विधायक और पूर्व मंत्री भी कम ही दिखाई दे रहे हैं,भीतरखाने नाराजगी की चर्चा है,जिसका असर सार्वजनिक कार्यक्रमों में साफ दिख रहा है,कार्यकर्ताओं के बीच यह चिंता गहराती जा रही है कि यदि यही स्थिति बनी रही तो आगामी राजनीतिक गतिविधियों और चुनावी तैयारियों पर इसका असर पड़ सकता है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur