संवाददाता-
अम्बिकापुर,23 दिसम्बर 2025 (घटती-घटना)। सदर रोड स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर बीटी पैच रिपेयरिंग के घटिया काम की वजह से एक विवाद खड़ा हो गया है। 19 दिसंबर की रात को इस सडक पर रिपेयरिंग का काम हुआ था, लेकिन अगले ही दिन, 20 दिसंबर की सुबह सडकों के उखडऩे की खबर सामने आई। जब निगम के सफाई कर्मचारी मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि सडकों का डामर उखड़ चुका था। इसके बाद सफाई कर्मियों ने बेल्चे से डामर उठाकर ले लिया, और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद, इंजीनियर इन चीफ (ईएनसी) रायपुर ने मामले को गंभीरता से लिया और लोक निर्माण विभाग के राष्ट्रीय राजमार्ग के सब-इंजीनियर नवीन सिन्हा को निलंबित कर दिया। विभाग ने बताया कि यह रिपेयरिंग काम कड़ाके की ठंड में किया गया था, जहां तापमान 4-5 डिग्री सेल्सियस था। इसके बावजूद सडकों पर डामर डाला गया, और इस कारण सडक कुछ ही घंटों में उखड़ गई। विभाग ने तकनीकी खराबी का हवाला देते हुए बताया कि रोड रोलर की खराबी के कारण यह समस्या आई। यह घटना खासकर शहरवासियों के लिए चिंता का कारण बनी हुई है, क्योंकि शहर से गुजरने वाली अन्य सडकों की हालत भी खस्ता है। देवीगंज रोड, महामाया चौक और सदर रोड पर सडकों की हालत बहुत खराब हो चुकी है। वहीं, इस काम के लिए करीब ढाई करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए थे। स्थानीय निवासियों ने रिपेयरिंग कार्य का विरोध भी किया था।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur