पीएमजीएसवाई (चरण-4) के तहत 20 ग्राम पंचायतों में लगभग 70 किमी सड़क निर्माण को स्वीकृति
सूरजपुर,21 दिसम्बर 2025 (घटती-घटना)। प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र के विकास पथ पर एक बड़ी और ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज हुई है। भूलन सिंह मरावी के सतत प्रयासों के फलस्वरूप प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (चरण-4) के अंतर्गत बैच-1 में क्षेत्र को बड़ी सड़क सौगात मिली है। योजना के तहत प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र में कुल 69.97 किलोमीटर लंबी सड़कों के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की गई है, जिस पर लगभग 54 करोड़ 99 लाख 7 हजार 745 रुपये की लागत आएगी।
ग्रामीण कनेक्टिविटी को मिलेगी नई मजबूती
इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण अंचलों की कनेक्टिविटी सशक्त होगी और वर्षों से चली आ रही सड़क संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान संभव हो सकेगा। कई दूरस्थ बसाहटों को पहली बार पक्की सड़क से जोड़ने की तैयारी है, जिससे आवागमन सुगम होगा और ग्रामीण जीवन की तस्वीर बदलेगी।
इन 20 ग्राम पंचायतों को मिलेगा सीधा लाभ
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (चरण-4) के तहत जिन 20 ग्राम पंचायतों को इस योजना का प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा,उनमें प्रमुख रूप से सूरजपुर,स्वापा,रामानुजनगर, बनखेता पारा, शिवनगर, पार्वतीपुर, महेशपुर, लक्ष्मणपुर, महगई, अन्नपूर्णा, लक्ष्मीपुर, राजापुर, गोपीपुर, दवना कतेलपारा, अर्जुनपुर, मोहनपुर, गणेशपुर एवं दुर्गापुर शामिल हैं।
शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि को मिलेगा बढ़ावा
इन सड़कों के निर्माण से न केवल आवागमन सुगम होगा,बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं,कृषि उपज के परिवहन और व्यापारिक गतिविधियों को भी नया प्रोत्साहन मिलेगा। किसानों को बाजार तक पहुंच आसान होगी और विद्यार्थियों व मरीजों को समय पर सुविधा मिल सकेगी।
विधायक मरावी का बयान
इस अवसर पर विधायक भूलन सिंह मरावी ने कहा कि प्रेमनगर विधानसभा का समग्र और संतुलित विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है,उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों को मूलभूत सुविधाओं से जोड़ने के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं और आगे भी विकास कार्यों की गति को बनाए रखा जाएगा। उन्होंने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
क्षेत्रवासियों में खुशी, बताया ऐतिहासिक कदम
वहीं क्षेत्रवासियों ने इस बड़ी सड़क सौगात के लिए विधायक श्री मरावी का आभार जताते हुए इसे प्रेमनगर विधानसभा के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक और मील का पत्थर साबित होने वाला कदम बताया है। ग्रामीणों का कहना है कि ये सड़कें आने वाले वर्षों में पूरे क्षेत्र की दशा और दिशा बदल देंगी।
इन प्रमुख मार्गों को मिली निर्माण की स्वीकृति, स्वीकृत सड़कों में कई अत्यंत महत्वपूर्ण ग्रामीण मार्ग शामिल हैं, जिनमें…
बनखेतापरा से कतेलपारा,शिवनगर से सालका सराईपारा,उमेश्वरपुर से पार्वतीपुर, महेशपुर से तेंदुपारा,तारा-प्रेमनगर से शिवनगर,महेशपुर से लक्ष्मणपुर (धवईटिकरा),महगई रोड से पांडे कतेल,महगई रोड से जोबा कटेला,भगवानपुर से अन्नपूर्णा (देवरियापारा), कर्मी टिकरा से लक्ष्मीपुर,राजापुर से राजापुर गौटियापारा,गोपीपुर से बिशुनपुर,परशुरामपुर से उमेश्वरपुर-मोहनपुर-पंडोपारा,शाल्ही से दवना कतेलपारा,अर्जुनपुर से माधवपुर, महादेव सरना से उपका घुतरा,मोहनपुर से रामेश्वरम,गणेशपुर कर्मी डुग्गु से चिउरा पखना,राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-43 (एनएच-43) तिलसिवां से भैसामार गोंडपारा,लांची से लांची सत्तीपारा,जैसे अनेक अहम मार्ग शामिल हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur