Breaking News

अम्बिकापुर@नेशनल हाईवे की मरम्मत में घोटाले का आरोप,रातों-रात उखड़ी सड़क

Share

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,21 दिसम्बर 2025 (घटती-घटना)। नेशनल हाईवे की मरम्मत को लेकर एक बड़ा घोटाला सामने आया है। शहर में करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे सडक मरम्मत कार्य में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे हैं। खास बात यह है कि ठेकेदार ने कड़ाके की ठंड में रात 12 बजे सडक पर टायरिंग का काम शुरू किया, जिसके बाद सुबह होते ही पूरी सडक उखड़ गई। जब नगर निगम के कर्मचारी सफाई के लिए पहुंचे, तो उनकी आंखें भी हैरान रह गईं, क्योंकि रात में की गई मरम्मत पूरी तरह से बेकार हो चुकी थी। स्थानीय लोगों ने घटिया डामर के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए रात के समय सडक की मरम्मत के खिलाफ विरोध जताया था, लेकिन अधिकारियों ने इस पर ध्यान नहीं दिया और जल्दबाजी में कार्य पूरा कर दिया। अगली सुबह, सडक के बड़े हिस्से का डामर उखडकर पूरी तरह से नष्ट हो चुका था। यह मामला एक बड़े भ्रष्टाचार को उजागर करता है, जहां मरम्मत के नाम पर खानापूर्ति की जा रही है और अधिकारियों द्वारा जल्दी भुगतान निकालने की कोशिश की जा रही है। अंबिकापुर शहर के लोग इस मामले को लेकर बेहद गुस्से में हैं। उनका कहना है कि पिछले दो सालों से सडकें जर्जर पड़ी हैं, लेकिन मरम्मत का कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। बरसात के समय में सांसद, विधायक और महापौर ने सडक सुधार का भरोसा दिलाया था, लेकिन बरसात के बाद भी स्थिति वही की वही है। यह लोगों के लिए एक बड़ा धोखा साबित हुआ है,और अब वे सडकों पर भी गुस्सा जाहिर करने के लिए तैयार हैं। इस मरम्मत कार्य में 6 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जबकि जानकारों के अनुसार मरम्मत का काम केवल दिखावटी टायरिंग करने के लिए किया जा रहा है, ताकि तस्वीरें खींचकर अधिकारी भुगतान निकाल सकें। यह सडक अहम रास्तों जैसे सदर रोड, महामाया चौक और देवीगंज रोड को जोड़ती है। ऐसे में, भ्रष्टाचार की यह पोल खुले तौर पर सडकों की स्थिति को और खराब कर रही है। इस मामले पर अधिकारियों का कोई जवाब नहीं आया।
जब वर्जन के लिए नेशनल हाईवे के कार्यपालक अभियंता आरडी ताम्बरे और एसडीओ निखिल लकड़ा से संपर्क किया गया, तो दोनों ने फोन रिसीव नहीं किया, जिससे इस भ्रष्टाचार के आरोपों पर और भी सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर इस घोटाले की जांच नहीं की जाती, तो आने वाले दिनों में उनका गुस्सा सडक पर उतर सकता है।


Share

Check Also

प्रतापपुर,@आवास मिला…लेकिन अधूरा

Share सूरजपुर में गरीबों के सपनों पर ‘किस्त’ का तालाप्रतापपुर ब्लॉक सबसे ज्यादा प्रभावित…मजदूरी भी …

Leave a Reply