Breaking News

सूरजपुर@एक साथ उठीं तीन अर्थियां,रो पड़ा पूरा शहर और मोहल्ला

Share


एनएच-130 पर भीषण सड़क हादसा…एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत…


शमरोज खान

सूरजपुर,21 दिसंबर 2025 (घटती-घटना)। शनिवार का दिन सूरजपुर के लिए ऐसा दर्द लेकर आया, जिसने पूरे शहर को गमगीन कर दिया। अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं।
इलाज के लिए निकले थे… मौत बनकर सामने आया सफर…
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सूरजपुर जिला मुख्यालय के मस्जिदपारा निवासी अजहर शेख उर्फ जुगनू (34), तौकीर (26),शेख अब्दुल्ला उर्फ पंकज (37), शबाना शेख और साबिया शेख शनिवार सुबह करीब 9 बजे इलाज के उद्देश्य से अल्टो कार से बिलासपुर रवाना हुए थे,सुबह लगभग 11ः30 बजे जब उनका वाहन कटघोरा थाना क्षेत्र के तानाखार गांव के पास पहुंचा,तभी ओवरटेक करने के दौरान सामने से आ रहे डीजल टैंकर से कार की जोरदार भिड़ंत हो गई।
मस्जिदपारा में पसरा मातम, हर आंख नम :
जैसे ही हादसे की खबर सूरजपुर पहुंची, मस्जिदपारा इलाके में कोहराम मच गया, एक ही परिवार में तीन-तीन मौतों से पूरा मोहल्ला और शहर शोक में डूब गया,मृतक अजहर शेख की दो छोटी बेटियां हैं, जिनकी उम्र मात्र चार और दो वर्ष बताई जा रही है। पिता का साया सिर से उठ जाने की पीड़ा ने हर किसी की आंखें नम कर दीं।
गमगीन माहौल में तीनों को सुपुर्द-ए-खाकः
रविवार को सभी मृतकों को सूरजपुर के कब्रिस्तान में भारी संख्या में मुस्लिम समुदाय एवं अन्य समुदाय के लोगों की उपस्थिति में नम आंखों से सुपुर्द-ए-खाक किया गया, एक साथ उठीं तीन मैयतों ने हर किसी के कलेजे को चीर दिया।
हाइवे पर लगा था जाम पुलिस जांच में जुटी…
हादसे के बाद नेशनल हाईवे-130 पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार और टैंकर को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया, प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण कार द्वारा ओवरटेक करना बताया जा रहा है, पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
एक हादसा,कई जिंदगियां उजड़ गईं…
यह हादसा सिर्फ तीन मौतों की खबर नहीं, बल्कि टूटे हुए सपनों, सूनी गोद और उजड़े परिवार की दर्दनाक दास्तान है जिसका मातम आज पूरा सूरजपुर मना रहा है।
टक्कर इतनी भयानक,कार के उड़े परखच्चे…
हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया,मौके पर ही अजहर शेख उर्फ जुगनू की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कार में सवार अन्य सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए,सूचना मिलते ही कटघोरा थाना प्रभारी एवं तारा पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कार में बुरी तरह फंसे घायलों को निकालने के लिए वाहन को काटना पड़ा।
शादी से पहले बुझ गया घर का चिराग…
कार चला रहे तौकीर,जो सूरजपुर में मुस्कान टेंट हाउस के नाम से व्यवसाय करते थे और जिनकी अगले महीने शादी तय थी,उन्हें गंभीर अवस्था में अपोलो अस्पताल बिलासपुर में भर्ती कराया गया,उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया, वहीं गंभीर रूप से घायल मां शबाना शेख को रायपुर रेफर किया गया था, लेकिन बिलासपुर से निकलते ही रास्ते में उनकी भी मौत हो गई।
दो जिंदगी अब भी संघर्ष में…
हादसे में गंभीर रूप से घायल शेख अब्दुल्ला और साबिया शेख का इलाज रायपुर के एक निजी अस्पताल में जारी है, चिकित्सकों के अनुसार दोनों की स्थिति नाजुक बनी हुई है।


Share

Check Also

राजपुर@ उत्कृष्ट पार्षद के लिए नवीन सर्व सोनार समाज ने किया पार्षद विशवास का सम्मान

Share राजपुर,24 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। नवीन सर्व सोनार समाज राजपुर द्वारा निर्दलीय निर्वाचित वार्ड पार्षद …

Leave a Reply