-संवाददाता-
अम्बिकापुर,20 दिसम्बर 2025 (घटती-घटना)। जिले के नवपदस्थ कलेक्टर अजीत वसंत ने शुक्रवार को अंबिकापुर कलेक्टोरेट में पदभार ग्रहण किया। इसके बाद शनिवार को उन्होंने एक प्रेस वार्ता आयोजित की, जिसमें उन्होंने पत्रकारों से जिले के विकास और प्रशासनिक कार्यों को लेकर अपनी प्राथमिकताओं पर चर्चा की। अजीत वसंत 2013 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं और यह अंबिकापुर जिले के 53वें कलेक्टर के रूप में कार्यभार संभाल रहे हैं। कलेक्टर अजीत वसंत का कहना था कि वे पहले भी सरगुजा जिले में अपनी सेवाएं दे चुके हैं और अब यहां जिले के विकास के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा, ‘सरगुजा एक प्रतिष्ठित जिला है और यहां के विकास में योगदान देना मेरे लिए गर्व की बात है।’ कलेक्टर वसंत ने जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी ढांचे पर विशेष ध्यान देने की बात की। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सुधारों के साथ-साथ अधिकारी-कर्मचारियों को समय पर कार्यालय पहुंचने की दिशा में सख्त निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर वसंत ने मैनपाट को पर्यटक स्थल के रूप में और बढ़ावा देने का भी ऐलान किया। मैनपाट को छत्तीसगढ़ का शिमला कहा जाता है और इसके पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रशासन द्वारा कई योजनाएं बनाई जा रही हैं। इसके अलावा, कलेक्टर ने मंगलवार और बुधवार को आम जनता की समस्याओं को सुनने के लिए जिला मुख्यालय में उपस्थित रहने का निर्णय लिया है।
कलेक्टर ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यालयीन समय का पालन करने और जिला मुख्यालय छोडऩे से पहले उच्च अधिकारियों को सूचित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन में पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखना उनकी प्राथमिकता होगी। साथ ही, उन्होंने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की आवश्यकता पर बल दिया। अजीत वसंत ने यह भी कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं का समाधान करना है, और इसके लिए वे हमेशा खुला दरवाजा रखेंगे। उनका मानना है कि पारदर्शिता, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ काम करने से ही प्रशासन में सुधार संभव है और विकास की गति तेज हो सकती है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur