Breaking News

अम्बिकापुर@अनैतिक देह व्यापार : होटल मैनेजर व कर्मचारी गिरफ्तार

Share


महिला सहित कई आरोपी न्यायिक रिमांड पर

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,19 दिसम्बर 2025 (घटती-घटना)। जिले में अनैतिक देह व्यापार के एक संगठित नेटवर्क का पुलिस ने खुलासा किया है। महिला थाना अंबिकापुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित होटल के मैनेजर और कर्मचारी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। जांच में सामने आया है कि अवैध गतिविधियों को संचालित करने में होटल प्रबंधन की भी भूमिका थी।
पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर 2025 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आकाशवाणी चौक के पास स्थित एक मकान में युवक-युवतियों से अनैतिक देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद महिला थाना अंबिकापुर में अपराध क्रमांक 17/2025 दर्ज कर धारा 3, 4, 5, 7 अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 के तहत विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने सबसे पहले आकाशवाणी चौक के समीप एक मकान से एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया, जिसे 10 नवंबर 2025 को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि महिला का पति सुनील कुमार इस अवैध कारोबार में सहयोगी की भूमिका निभा रहा था, जबकि उसका साथी हेमंत दास देह व्यापार में शामिल युवतियों को ग्राहकों तक लाने-ले जाने का कार्य करता था। इसके बाद पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश देते हुए 13 दिसंबर 2025 को सुनील कुमार (40 वर्ष, निवासी मायापुर, जिला सरगुजा) और हेमंत दास (33 वर्ष, निवासी तेलसखरिया, थाना दरिमा) सहित एक अन्य महिला को गिरफ्तार किया। वहीं 14 दिसंबर 2025 को अंबिकापुर के एक अन्य मकान से एक और महिला आरोपी को हिरासत में लेकर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
विवेचना के दौरान 19 दिसंबर 2025 को मिले नए सुरागों के आधार पर पुलिस ने अंबिकापुर अर्बन चौपाटी के पास स्थित आर्यन होटल में पूछताछ की। जांच में अपराध से जुड़े पुख्ता सबूत मिलने पर होटल के मैनेजर मौजी लाल जायसवाल (53 वर्ष) और होटल कर्मचारी एकलव्य पैकरा (22 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी जांच जारी है और अनैतिक देह व्यापार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के संगठित अपराधों के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


Share

Check Also

प्रतापपुर,@आवास मिला…लेकिन अधूरा

Share सूरजपुर में गरीबों के सपनों पर ‘किस्त’ का तालाप्रतापपुर ब्लॉक सबसे ज्यादा प्रभावित…मजदूरी भी …

Leave a Reply