Breaking News

अम्बिकापुर@नेशनल हेराल्ड केस : कांग्रेस ने भाजपा कार्यालय का घेराव किया,मोदी सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

Share


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,18 दिसम्बर 2025 (घटती-घटना)। नेशनल हेराल्ड केस में दिल्ली की विशेष अदालत द्वारा कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी को राहत मिलने के बाद, कांग्रेस ने भाजपा कार्यालय का घेराव किया। कांग्रेस पार्टी का आरोप है कि मोदी सरकार ने ईडी का दुरुपयोग कर कांग्रेस नेताओं को बदनाम करने की सुनियोजित साजिश रची है। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे। रैली के बाद,कांग्रेस ने महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार से माफी मांगने के साथ-साथ इस्तीफे की भी मांग की। नेशनल हेराल्ड केस में विशेष अदालत ने ईडी द्वारा प्रस्तुत चार्जशीट को खारिज कर दिया था,जिसमें कांग्रेस नेताओं के खिलाफ मनी लॉंड्रिंग का आरोप था।
कांग्रेस का कहना है कि इस मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई थी और न ही कोई कैश लेन-देन हुआ था। कांग्रेस ने बताया कि यंग इंडिया नाम की कंपनी का गठन किया गया था, जिसके 6 शेयरधारकों में सोनिया गांधी और राहुल गांधी भी शामिल थे, और इस कंपनी ने नेशनल हेराल्ड, नवजीवन और कौमी एकता अखबारों को आर्थिक संकट से उबारने के लिए मदद की थी। इस मामले को भाजपा ने जानबूझकर विवादित बनाने और गांधी परिवार को बदनाम करने के लिए 10 वर्षों तक जांच करवायी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा, ‘भाजपा और संघ परिवार ने हमेशा से गांधी परिवार को बदनाम करने की साजिश की है,और नेशनल हेराल्ड केस उसी साजिश का हिस्सा है।’ उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा ने बोफोर्स मामले में भी राजीव गांधी को बदनाम करने का प्रयास किया था, लेकिन कोई ठोस तथ्य सामने नहीं आया। उन्होंने यह आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ईडी का दुरुपयोग कर विपक्ष, खासकर राहुल गांधी की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है। नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद खान ने भी मोदी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा,‘भाजपा सरकार विपक्ष को दबाने के लिए संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है। अदालत के निर्णय से यह साफ हो गया है कि सरकार का उद्देश्य केवल गांधी परिवार को बदनाम करना था।’ इस प्रदर्शन में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया, जिनमें उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल, पीसीसी महामंत्री द्वितेन्द्र मिश्रा, पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता, शैलेन्द्र प्रताप सिंह, डॉ. लालचंद यादव,और अन्य कई महत्वपूर्ण नेता शामिल थे। कांग्रेस ने यह भी स्पष्ट किया कि वह लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रखेगी और भाजपा सरकार द्वारा किए गए किसी भी तरह के दुरुपयोग के खिलाफ लड़ाई जारी रखेगी।


Share

Check Also

सूरजपुर@जिला प्रशासन और निकोन छत्तीसगढ़ की संयुक्त पहल

Share दो दिवसीय फोटोग्राफी कार्यशाला संपन्न,विद्यार्थियों ने सीखी आधुनिक कैमरा तकनीक और वीडियोग्राफी की बारीकियां-संवाददाता-सूरजपुर,24 …

Leave a Reply