-संवाददाता-
अम्बिकापुर,16 दिसम्बर 2025
(घटती-घटना)।
केन्द्र सरकार द्वारा महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना में अमूल-चमूल परिवर्तन कर उसे कमजोर करने एवं अव्यवहारिक बनाने के साथ ही उसके नाम बदलने के लिये संसद में एक बिल प्रस्तुत किया है। इसके विरोध में आखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने 17 दिसंबर को राष्ट्रव्यापी धरना प्रदर्शन का निर्णय लिया है।
कांग्रेस का कहना है कि केन्द्र सरकार के द्वारा इससे संबंधित बिल के संसद में पास हो जाने पर मांग के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराने की यह योजना पूरी तरह प्रभावित होगी। इस बिल के माध्यम से केन्द्र सरकार इस योजना पर व्यय होने वाली राशी में अपने अंशदान से भी पल्ला झाडना चाहती है। वो इसका पूरा भार राज्य सरकारों पर डालना चाहती है। सभी राज्य सरकारें पहले से ही भारी कर्जे में फंसी हुई हैं।
ऐसे में उनपर मनरेगा का पूर्ण आर्थिक भार डालने का तात्पर्य इस बहुमुखी योजना को एक तरह से समाप्त करने जैसा होगा। देश की बहुसंख्यक गरीब जनता के आय के इस प्रमुख स्त्रोत पर केन्द्र की भाजपा सरकार के वार के विरोध में कांग्रेस ने राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन का निर्णय लिया है। जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा 17 दिसंबर को दोपहर 2 बजे गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण उपरांत डाटा सेंटर के सामने इसके विरोध में धरना प्रदर्शन करेगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur