-संवाददाता-
जशपुरनगर,16 दिसम्बर 2025 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के अंतर्गत कलेक्टर रोहित व्यास के मार्गदर्शन में आयोजित 5 दिवसीय 24वीं स्टेट सीनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप का आज सफलतापूर्वक समापन हो गया। इस प्रतियोगिता के दौरान खेले गए रोमांचक और उच्च स्तरीय मुकाबलों ने दर्शकों को पूरे समय उत्साह से बांधे रखा, जिसका सभी खेलप्रेमियों ने भरपूर आनंद लिया। आज खेले गए फाइनल मुकाबलों में अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में 58वां स्थान प्राप्त खिलाड़ी आरुषि कश्यप ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए विमेंस सिंगल का खिताब अपने नाम किया। उन्होंने कड़े मुकाबले में तनु चंद्रा को 22-20 एवं 21-16 से पराजित किया। वहीं मेन्स सिंगल फाइनल में हर्षित ठाकुर ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए मानस भट्टाचार्य को 21-18 एवं 21-10 से हराकर विजेता बने। मेन्स डबल में आयुष मखीजा एवं सौरभ साहू की जोड़ी ने धीरज खत्री और जयेश होशंगाबादी को पराजित कर खिताब जीता। विमेंस डबल में हीरल चौहान एवं करिश्मा कार्डिकर की जोड़ी ने दीक्षा चौधरी और इशिका पोद्दार को हराकर जीत दर्ज की। मिक्स्ड डबल के रोमांचक मुकाबले में वेंकट गौरव प्रसाद एवं जूही देवांगन की जोड़ी ने दीक्षा चौधरी और सुजय तंबोली को पराजित कर खिताब अपने नाम किया। सभी विजेता एवं उपविजेता खिलाडि़यों को पुरस्कार राशि, ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सतत् अभ्यास से मिलती है सफलताः आरुषि कश्यप : विमेंस सिंगल की विजेता आरुषि कश्यप बेहतर आयोजन के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया और कहा कि यहां पर अच्छी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई थी। उन्होंने कहा कि वे लगभग 10 साल बाद जशपुर आ रही है, तब से अभी तक यह जिला में काफी विकसित हो चुका है, वे 2009 से वह लगातार खेलते आ रही है। उन्होंने सभी उभरते खिलाडि़यों को प्रेरित करते हुए कहा कि खूब मेहनत करें, अपनी कमियों को दूर कर आगे बढ़े। उन्होंने अपनी मेहनत और सतत् अभ्यास से अपने खेल को निखारा है, तभी उसे सफलता मिली है, पहले छत्तीसगढ़ से ज्यादा खिलाड़ी सामने नहीं आते थे अन्य राज्यों के खिलाडि़यों का दबदबा था, आज परिस्थिति काफी हद तक बदल चुकी है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur