-संवाददाता-
सूरजपुर,15 दिसम्बर 2025
(घटती-घटना)।
छत्तीसगढ़ में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। राज्य के अलग-अलग जिलों से हत्या, दुष्कर्म और अन्य गंभीर अपराधों की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे आमजन में भय और असुरक्षा का माहौल बनता जा रहा है। इसी कड़ी में सूरजपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक अधेड़ व्यक्ति की टांगी से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह मामला जयनगर थाना क्षेत्र के ग्राम जमदेई का है। मृतक की पहचान 50 वर्षीय रामजतन पनिका के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार यह वारदात बीती रात की बताई जा रही है। सुबह जब परिजन नींद से जागे तो उन्होंने घर के आंगन में रामजतन पनिका का खून से लथपथ शव पड़ा देखा। शव को देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
जांच में जुटी पुलिस…
घटना की सूचना तत्काल जयनगर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रथम दृष्टया हत्या टांगी जैसे धारदार हथियार से किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सके।
परिजनों से भी पूछताछ जारी…
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम को भी मौके पर बुलाया है। एफएसएल टीम द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि घटना से जुड़े अहम सुराग मिल सकें। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। न ही यह स्पष्ट हो पाया है कि वारदात के पीछे आपसी रंजिश थी या कोई अन्य कारण। पुलिस अज्ञात हत्यारे की तलाश में जुटी हुई है और हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur