-संवाददाता-
अम्बिकापुर,13 दिसम्बर 2025
(घटती-घटना)।
3 दिसंबर को ग्रामीणों और पुलिस के बीच हुए संघर्ष में आहत कई ग्रामीणों का ईलाज शनिवार को ग्राम परसोढि कला में संजीवनी अस्पताल अम्बिकापुर के 7 सदस्यीय चिकित्सा दल ने कैम्प लगाकर किया। संघर्ष में आहत 5 ग्रामीणों को फैक्चर की संभावना देखते हुए उन्हें एक्स रे की सलाह देते हुए अस्पताल बुलाया गया है। शुक्रवार को आखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने परसोढि कला का दौरा किया था। इस दौरान ग्रामीणों से चर्चा में यह जानकारी मिली थी कि संघर्ष के बाद प्रशासन ने उन्हें पर्याप्त इलाज उपलब्ध नहीं कराया था। संघर्ष में कुछ ग्रामीणों के सर पर चोट लगी थी, जिन्हें प्राथमिक इलाज के पश्चात अपने हाल पर छोड़ दिया। शेष आहत ग्रामीणों को कोई इलाज मुहैया नहीं कराया गया था। इसपर आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने संजीवनी अस्पताल के संचालक और पूर्व महापौर डॉ अजय तिर्की से मेडिकल सहायता का अनुरोध किया था। डॉ अजय तिर्की ने जानकारी दी कि कुल 43 ग्रामीणों का ईलाज किया गया है।
कुछ में फैक्चर की संभावना देखते हुए उन्हें अस्पताल बुलाया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि जिन ग्रामीणों के सर पर चोट आयी थी उन्हें छोड़ अन्य किसी भी व्यक्ति को प्रारंभिक चिकित्सा उपलब्ध नहीं कराई गई। कई ग्रामीण व्यक्तिगत प्रयास से स्थानीय रूप से इलाज करवा रहे थे। संजीवनी अस्पताल के द्वारा भेजे गए मेडिकल टीम में आपातकालीन चिकित्सक डॉ ऋषभ, डॉ इकबाल, ड्रेसर अनिल कश्यप, नर्स सिस्टर निशा एवं मोनिका एवं अन्य मेडिकल स्टॉफ लक्ष्मी एवं लालजी शामिल थे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur