
- अस्पताल की टूटी व्यवस्था पर उठे सवालः न सोनोग्राफी,न एक्स-रे, न जांच गरीब वनांचल बेहाल
- सोनोग्राफी बंद होने की जानकारी मिलते ही रो पड़ी महिला कहा… ‘अब कहां जाऊं साहब?’
- बैकुंठपुर जाने तक के पैसे नहीं, बीमारी बढ़ने का डर,ग्रामीण सुविधाओं का सच उजागर
- सोनहत अस्पताल में 3-4 महीने से बंद सोनोग्राफी, गर्भवती माताएं लौट रहीं बैरंग
- एक्स-रे फिल्म भी खत्म, रिपोर्ट नहीं मिलती,आखिर किसने बिगाड़ी यह व्यवस्था?
- लिपिड प्रोफाइल समेत कई जांच बंद,गांव के गरीब मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़…

-राजन पाण्डेय-
कोरिया,12 दिसंबर 2025 (घटती-घटना)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनहत में मंगलवार को एक ऐसा दृश्य सामने आया जिसने वहां मौजूद हर व्यक्ति को कुछ क्षणों के लिए स्तब्ध और भावुक कर दिया, रामगढ़ से सोनोग्राफी कराने आई एक महिला जैसे ही अस्पताल पहुंची,उसे पता चला कि यहां महीनों से सोनोग्राफी सुविधा बंद है,यह सुनते ही उसके चेहरे का दर्द और चिंता छलक पड़ी और उसकी आंखों से आंसू बह निकले, महिला ने भारी मन से कहा साहब…मेरे पास बैकुंठपुर जाने के पैसे भी नहीं हैं…अब क्या करूं? उसकी यह बात सुनकर वहां मौजूद लोग भी कुछ पल के लिए शांत हो गए, वनांचल क्षेत्र की गरीब महिलाओं के लिए सोनहत अस्पताल ही एकमात्र सस्ती और सुलभ जगह थी,पर अब वह भी बंद है।
यूथ कांग्रेस का विरोध,15 दिनों में सुविधा चालू नहीं हुई तो होगा घेराव…
यूथ कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष प्रकाश चंद्र साहू ने एसडीएम कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी 15 दिनों में सोनोग्राफी और अन्य जांचें शुरू नहीं हुईं तो हजारों कार्यकर्ताओं के साथ स्वास्थ्य विभाग का घेराव होगा, ज्ञापन में निम्न मांगें शामिल थीं सोनोग्राफी सुविधा तत्काल चालू की जाए, एक्स-रे फिल्म और रिपोर्ट की समस्या दूर की जाए, लिपिड प्रोफाइल समेत सभी बंद जांच तत्काल शुरू हों, उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक गुलाब कमरो और सांसद के प्रयासों से सोनोग्राफी मशीन लगी थी, जिसका लाभ लोगों को मिलता था, लेकिन अब यह सुविधा पूरी तरह बंद है, जिससे जनता परेशान हो रही है।
सोनहत में सोनोग्राफी सुविधा महीनों से ठप्प…गर्भवती महिलाएं लौट रहीं बैरंग
पूर्व में यहां सोनोग्राफी सुविधा शुरू होने से दूरदराज गांवों के गरीब लोगों को बड़ी राहत मिली थी, लेकिन अब कई महीनों से मशीनें बंद, गर्भवती महिलाएं जांच न होने से लौट जाती हैं, निजी अस्पतालों में महंगी जांच कराने मजबूरी, जनता में सरकार और प्रशासन के प्रति आक्रोश बढ़ा लोगों ने कहा जब सुविधा ही बंद रखनी थी तो इसे शुरू क्यों किया था?
एक्स-रे फिल्म खत्म…रिपोर्ट नहीं…लिपिड प्रोफाइल सहित कई जांच बंद
सिफऱ् सोनोग्राफी ही नहीं, बल्कि एक्स-रे फिल्म महीनों से खत्म, रिपोर्ट नहीं मिलती, लिपिड प्रोफाइल सहित कई आवश्यक जांच 4-5 महीने से बंद, यह स्थिति वनांचल के हजारों गरीब मरीजों के लिए स्वास्थ्य संकट बन चुकी है।
नए बीएमओ को मिली चुनौती, लोगों को सुधार की उम्मीद…
सोनहत के नए बीएमओ डॉ. बलवंत सिंह को जनता उम्मीद की नजरों से देख रही है, डॉ. बलवंत पहले भी यहां सेवाएं दे चुके हैं और अच्छे चिकित्सक माने जाते हैं, लेकिन अस्पताल की वर्तमान अव्यवस्थित स्थिति उनके सामने बड़ी चुनौती रख रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur