अमित अग्रवाल बने अध्यक्ष, केमिस्ट कल्याण कोष की हुई स्थापना
अम्बिकापुर,09 दिसम्बर 2025 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले के केमिस्ट समुदाय के लिए मंगलवार का दिन कई महत्वपूर्ण निर्णय लेकर आया। 09 नवंबर को सम्पन्न हुए शांतिपूर्ण और पारदर्शी निर्वाचन के बाद सरगुजा औषधि विक्रेता संघ की नई कार्यकारिणी ने आधिकारिक रूप से जिम्मेदारी संभाल ली है। संघ की प्रथम कार्यकारिणी बैठक हुई, जिसमें संगठन के विस्तार से लेकर ‘केमिस्ट कल्याण कोष’ जैसी ऐतिहासिक पहल को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई।
शांतिपूर्ण माहौल में निर्वाचन संपन्न
स्थानीय अग्रसेन भवन में आयोजित निर्वाचन प्रक्रिया को चुनाव पर्यवेक्षक देवव्रत गौतम, अजय अग्रवाल तथा मुख्य चुनाव अधिकारी रमाशंकर कुशवाहा, राजेश अग्रवाल एवं नंदकिशोर राजवाड़े की देखरेख में पूर्णतः शांतिपूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न किया गया। नव-निर्वाचित पदाधिकारी में अध्यक्ष अमित (मिंटू) अग्रवाल, सचिव अजय पाठक, कोषाध्यक्ष प्रकाश श्रीवास्तव हैं। नई कार्यकारिणी में विधि एवं विशेष सलाहकार राधेश्याम अग्रवाल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुदामा बंसल, शैलेन्द्र गुप्ता, संरक्षक रविंद्र प्रताप सिंह टुटेजा, सुभाष गोयल, विजय अग्रवाल, संजीव गोयल, नवीन गोयल, उपाध्यक्ष राजेश अग्रवाल, प्रमोद अग्रवाल, संतोष सिंह, सुमित अग्रवाल, सचिन केडि़या, नरेंद्र कुमार विश्वकर्मा, प्रवीण कुमार गुप्ता, सह-सचिव प्रदीप शर्मा, पी.आर.ओ. सूरज दुबे, संगठन सचिव वीरेंद्र सिंह, राकेश गुप्ता, लोकेश सोनी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मुकेश गोयल (सीतापुर), उमेश कुमार गुप्ता (बरगीडीह), नवीन अग्रवाल (बतौली), प्रतीक गुप्ता (सीतापुर), इंद्र कुमार यादव (उदयपुर), विकास तिवारी (उदयपुर) बनाये गए हैं, जिससे संघ की कार्यात्मक क्षमता और मजबूत होगी।
प्रथम कार्यकारिणी बैठक में लिए गए अहम निर्णय : बैठक में सभी पदाधिकारियों का स्वागत, परिचय और प्रमाणपत्र वितरण के साथ कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा हुई।
- केमिस्ट कल्याण कोष की स्थापना – सर्वसम्मति से अनुमोदित,इस कोष को लेकर पूरे संघ में उत्साह।
- अवैध दवा बिक्री पर कार्रवाई – किराना/जनरल स्टोर में दवा बिक्री रोकने हेतु रणनीति तैयार।
- बिना लाइसेंस दवा आपूर्ति पर रोक – औषधि विभाग से कठोर कार्रवाई का आग्रह।
- सदस्यता प्रमाणपत्र वितरण – सभी केमिस्ट सदस्यों को प्रमाणपत्र दिए जाएंगे।
- पूर्व कार्यकारिणी के आय-व्यय की समीक्षा – विस्तृत प्रस्तुतीकरण के साथ अनुमोदन।
केमिस्ट कल्याण कोष की औपचारिक घोषणा : यह कोष संघ के सदस्यों के हित एवं आपात स्थितियों में सहयोग के उद्देश्य से बनाया गया है। इसके गठन पर कार्यकारिणी और सदस्यों में स्पष्ट रूप से सकारात्मक ऊर्जा और एकजुटता देखने को मिली।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur