Breaking News

अंबिकापुर@गायों की चोरी की घटनाएं बढ़ी,तस्करी गिरोह का हौसला बढ़ा

Share


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,27 नवम्बर 2025
(घटती-घटना)।

गौवंश की चोरी की घटनाएं तेज़ी से बढ़ रही हैं, और तस्करों का हौसला भी आसमान छूने लगा है। हाल ही में शहर के दो अलग-अलग स्थानों से गायों की चोरी की वारदातें सामने आई हैं, जिनमें से एक घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई है। इन घटनाओं से मवेशी पालकों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है, और अब पुलिस प्रशासन भी इन घटनाओं को लेकर गंभीर हो गया है। पहली घटना 26 नवम्बर को केदारपुर क्षेत्र के परमानन्द तिवारी के घर के सामने घटी, जहां चोरों ने एक पालतू गाय और बछड़े को स्कार्पियो वाहन में लादकर चुपके से गायब कर दिया। तिवारी ने सुबह उठने पर गाय गायब पाई,तो उन्होंने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों का फुटेज चेक किया। फुटेज में दो चोरों को स्कार्पियो में गाय और बछड़े को लादते हुए देखा गया। सीसीटीवी में यह भी दिखा कि गाय ने भागने की कोशिश की, लेकिन रस्सी से बंधे होने के कारण वह भाग नहीं पाई। चोरी किए गए गौवंश में एक गर्भवती गाय भी शामिल थी, जिसकी कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई जा रही है। तिवारी ने घटना की सूचना कोतवाली थाना में दी और पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी सौंपे।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और चोरों की तलाश की जा रही है। दूसरी घटना गांधी चौक के पास गांधीनगर थाना क्षेत्र में घटित हुई, जहां अज्ञात चोरों ने ओम मेडिकल के बाहर बंधी भूरे रंग की गाय को स्कार्पियो में लादकर फरार हो गए। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें चोर गाय को स्कार्पियो में डालते हुए नजर आ रहे हैं। हालांकि, गाड़ी का नंबर स्पष्ट नहीं दिख रहा है,जिससे पुलिस के लिए आरोपी का पता लगाना मुश्किल हो रहा है। इन बढ़ती घटनाओं के बाद मवेशी पालकों को अपनी गायों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है,खासकर उन लोगों को जो अपनी गायों को खुले में छोड़ देते हैं। पुलिस प्रशासन भी इस प्रकार की तस्करी पर कड़ी निगरानी रखे हुए है और मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है।


Share

Check Also

बलरामपुर @एनएच-343 पर परिवहन व यातायात विभाग की संयुक्त कार्रवाई

Share बिना परमिट चल रही स्कूल बस जब्त,10 हजार रुपये का चालानबलरामपुर ,22 अप्रैल 2026 …

Leave a Reply