Breaking News

जशपुर@श्रम इंस्पेक्टर को रिश्वत लेते गिरफ्तार, विशेष न्यायालय ने सुनाई 3 साल की सजा

Share

-संवाददाता-
जशपुर,27 नवम्बर 2025
(घटती-घटना)।
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पदस्थ श्रम निरीक्षक सुरेश कुर्रे को विशेष न्यायालय (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) जशपुर ने तीन साल की कड़ी सजा और 50,000 रुपये का अर्थदण्ड सुनाया है। आरोपी को यह सजा उस समय मिली जब एसीबी (एंटी करप्शन ब्यूरो) ने उन्हें 40,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा था।

शिकायतकर्ता रमेश कुमार यादव, निवासी ग्राम बूढ़ाडांड़ बगीचा, जिला जशपुर, ने 26 सितंबर 2019 को एंटी करप्शन ब्यूरो, बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनकी संस्था छत्तीसगढ़ अभिनन्दन एजुकेशनल एंड सोशल वेलफेयर सोसायटी ने लगभग 320 लोगों को मेशन जनरल और असिस्टेंट इलेक्ट्रिशियन कोर्स में प्रशिक्षण दिया था। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद, संस्था ने 6,37,000 रुपये का बिल भुगतान हेतु प्रस्तुत किया। शिकायत में उल्लेख था कि श्रम निरीक्षक सुरेश कुर्रे ने बिल बनवाने और चेक में हस्ताक्षर करवाने के एवज में 1 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। बाद में, आरोपी ने राशि बढ़ाकर 1 लाख 90 हजार रुपये कर दी और यह दावा किया कि वह यह पैसा जावा मोटरसायकल खरीदने के लिए लेगा।

एसीबी की कार्रवाई और ट्रैप : शिकायत के सत्यापन के बाद 14 अक्टूबर 2019 को एसीबी ने ट्रैप आयोजित किया। इस दौरान, सुरेश कुर्रे को प्रथम किश्त के रूप में 40,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए कार्यालय में रंगे हाथ पकड़ा गया। इस घटना के बाद उनके खिलाफ धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (PC Act) के तहत मामला दर्ज किया गया। विवेचना पूरी होने के बाद 26 जून 2020 को विशेष न्यायालय (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) जशपुर में अभियोग पत्र पेश किया गया।

विशेष न्यायालय का निर्णय : 26 नवंबर 2025 को विशेष न्यायालय ने आरोपी सुरेश कुर्रे को तीन वर्ष के कठोर कारावास और 50,000 रुपये के अर्थदण्ड से दंडित किया। यदि आरोपी यह अर्थदण्ड नहीं चुका पाते हैं, तो उन्हें छह महीने के अतिरिक्त कारावास की सजा भी भुगतनी होगी। अदालत ने अपने फैसले में स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार और सरकारी पद का दुरुपयोग गंभीर अपराध है। किसी भी सरकारी अधिकारी द्वारा रिश्वत लेने की घटना समाज और प्रशासन के लिए घातक है।

भ्रष्टाचार का रोकथाम और एसीबी की भूमिका : यह मामला एसीबी की तत्परता और सजगता का उदाहरण है। शिकायत मिलने पर एसीबी ने तुरंत सत्यापन और ट्रैप कर आरोपी को रंगे हाथ पकड़ा। इस कार्रवाई ने यह संदेश दिया कि सरकारी अधिकारियों द्वारा रिश्वत लेना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विशेष न्यायालय ने कहा कि भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत सजा का उद्देश्य केवल आरोपी को दंडित करना नहीं, बल्कि अन्य अधिकारियों के लिए चेतावनी भी देना है।


Share

Check Also

राजपुर@ उत्कृष्ट पार्षद के लिए नवीन सर्व सोनार समाज ने किया पार्षद विशवास का सम्मान

Share राजपुर,24 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। नवीन सर्व सोनार समाज राजपुर द्वारा निर्दलीय निर्वाचित वार्ड पार्षद …

Leave a Reply