-संवाददाता-
अंबिकापुर,18 नवम्बर 2025 (घटती-घटना)। भारत सरकार, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा संचालित नशामुक्त भारत अभियान की पांचवीं वर्षगांठ पर आज मंगलवार को जिले के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालय एवं अन्य स्थलों में नशामुक्ति पर जन जागरूकता कार्यक्रम एवं नशामुक्ति शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया । इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग सरगुजा द्वारा जिला स्तरीय कार्यक्रम संत गहिरा गुरू विश्वविद्यालय अंबिकापुर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर श्रीमती मंजूषा भगत शामिल रहीं,उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों एवं स्टॉफ को नशामुक्ति हेतु शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नशा विनाश का जड़ है। नशा केवल शारीरिक एवं मानसिक पीड़ा ही नहीं देता, अपितु यह एक सशक्त परिवार,समाज के विकास के लिए बाधक है। उन्होंने उपस्थित सभी जनों से नशा न करने का आव्हान किया। उप संचालक समाज कल्याण श्री व्ही.के. उके द्वारा नशामुक्ति हेतु संचालित योजनाओं के सम्बन्ध में जानकारी दी गई। नशामुक्ति हेतु जनजागरूकता फैलाए जाने गायत्री परिवार से अमृता जायसवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि नशा व्यक्ति में निगेटिव उर्जा का संचार करती है इससे विभिन्न प्रकार की शारीरिक एवं मानसिक परेशानियां, बीमारियां, सड़क दुर्घटनाएं आदि होती है। अभियान कीं पांचवीं वर्षगांठ पर शासकीय नवीन महाविद्यालय, लखनपुर,शासकीय कॉलेज बतौली,शासकीय कॉलेज कमलेश्वरपुर मैनपाट,शासकीय राजमोहिनी गर्ल्स कॉलेज अंबिकापुर, शासकीय कॉलेज उदयपुर, शासकीय कॉलेज धौरपुर आदि तथा जिलों में संचालित विभिन्न विद्यालयों में नशामुक्ति हेतु कार्यक्रम आयोजित किया गया तथा नशामुक्ति शपथ दिलाया गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur