
कलेक्टर कोरिया ने सोनहत में बच्चों को दिया प्रेरक संदेश
-संवाददाता-
सोनहत,15 नवंबर 2025
(घटती-घटना)।
जनजातीय गौरव वर्ष पखवाड़ा के अंतर्गत 1 से 15 नवंबर 2025 तक चल रहे राष्ट्रीय कार्यक्रमों की श्रृंखला में सोनहत में विद्यार्थियों ने विशाल मानव श्रृंखला बनाकर जनजातीय गौरव का संदेश दिया। भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा टीआरआई,एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय तथा अन्य सहयोगी संस्थानों के माध्यम से पूरे देश में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में सोनहत के एकलव्य विद्यालय, हायर सेकेंडरी स्कूल सोनहत तथा कन्या हाई स्कूल के छात्र-छात्राओं ने मिलकर एक व्यापक मानव श्रृंखला का निर्माण किया।
कलेक्टर कोरिया ने बच्चों को दिया संदेश
इस अवसर पर कलेक्टर कोरिया भी कार्यक्रम में शामिल हुईं। उन्होंने विद्यार्थियों को जनजातीय गौरव पखवाड़े के उद्देश्य से अवगत कराया। उन्होंने कहा…धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती हम सभी के लिए गर्व और प्रेरणा का अवसर है। उन्होंने अपने संघर्ष, साहस और त्याग से जनजातीय समाज को स्वाभिमान,अधिकार और स्वतंत्रता का संदेश दिया। यह पखवाड़ा हमारी सांस्कृतिक धरोहर के उत्सव के साथ-साथ आदिवासी समाज के उत्थान और सशक्तिकरण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। कलेक्टर ने छात्रों को सरकार और मुख्यमंत्री द्वारा जनजातीय गौरव वर्ष से जुड़े संदेशों से भी अवगत कराया और कहा कि सभी को इस आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लेकर आदिवासी संस्कृति, परंपरा और मूल्यों को आगे बढ़ाने में सहयोग देना चाहिए।
धरती आबा की 150वीं जयंती को समर्पित आयोजन
यह आयोजन धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे जनजातीय गौरव वर्ष का हिस्सा है। कार्यक्रम का उद्देश्य जनजातीय समुदायों में जागरूकता बढ़ाना, सांस्कृतिक गौरव को प्रोत्साहित करना और समावेशिता की भावना को मजबूत करना है।
शिक्षा विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका
कार्यक्रम की सफलता में विकासखंड शिक्षा अधिकारी अरविंद सिंह एवं शिक्षा विभाग के सभी कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने अनुशासित और संगठित तरीके से मानव श्रृंखला का प्रदर्शन किया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur