-संवाददाता-
अम्बिकापुर,14 नवम्बर 2025
(घटती-घटना)।
आज संकल्प भवन भाजपा कार्यालय अंबिकापुर में अनुसूचित जनजाति मोर्चा द्वारा एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष सत्यनारायण सिंह ने आगामी जनजातीय गौरव दिवस (15 नवम्बर) तथा भगवान बिरसा मुंडा जी की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में केंद्र सरकार एवं राज्य शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों और कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी पत्रकारों को प्रदान की। प्रेस वार्ता में वरिष्ठ भाजपा नेता मेजर अनिल सिंह, जिला महामंत्री श्रीमती अरुणा सिंह, जिला संवाद प्रमुख रुपेश दुबे, जिला अध्यक्ष अनुसूचित जनजाति मोर्चा धनराम नागेश, जिला महामंत्री पूरन सिंह टेकाम, महामंत्री द्वय कमलेश टोपो, हीरा सिंह टेकाम, जयंत मिंज, राजा चंवर, कृष्णा कोरवा, अविनाश सोनपाकर, अभिषेक पावले, जातीन परमार सहित अन्य पदाधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रेस को संबोधित करते हुए सत्यनारायण सिंह ने कहा कि भारत सरकार, जनजातीय कार्य मंत्रालय के निर्देशानुसार पूरे देश में 1-15 नवम्बर तक ‘जनजातीय गौरव पर्व’ का आयोजन किया जा रहा है। सभी जिलों में 15 नवम्बर को जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा। राज्य के सभी प्रभारी मंत्री, जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी इन कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि समस्त जिलों में बिरसा मुंडा की जयंती पर जनजातीय नृत्य प्रतियोगिताएँ 19-20 नवम्बर 2025 को आयोजित होंगी। जिलों में जनजातीय स्व-सहायता समूहों के सहयोग से हस्तकला एवं जनजातीय व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
आगे उन्होंने कहा कि सरकारी एवं आश्रम शालाओं में भगवान बिरसा मुंडा के जीवन पर विशेष व्याख्यान एवं गतिविधियाँ आयोजित होंगी। प्रत्येक जिला में अधिकारियों द्वारा जनजातीय परिवारों से मिलकर उनकी समस्याओं, योजनाओं एवं विकास कार्यों पर चर्चा की जाएगी। कार्यक्रमों पर प्रकाश डालते हुए सत्यनारायण सिंह ने पत्रकारों को बताया कि लोक नृत्य, चित्रकला, गीत-संगीत, जनजातीय खेल एवं हथकरघा प्रदर्शन का आयोजन होगा तथा जनजातीय बहुल गाँवों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे जिनमें आधार, आयुष्मान कार्ड, किसानों के लिए सम्मान निधि सत्यापन, जाति प्रमाण-पत्र, स्वास्थ्य परीक्षण आदि सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी। अंत में उन्होंने कहा कि जिलों में ‘आदि सेवा केंद्र’ के माध्यम से विभिन्न कार्यक्रम, जनजागरण एवं स्वच्छता अभियान चलाए जाएंगे। जनजातीय समुदाय द्वारा शिक्षा,खेल,कला व सामाजिक क्षेत्र में योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि 1 नवम्बर को प्रधानमंत्री द्वारा नई दिल्ली से आयोजित राज्य स्थापना दिवस समारोह का सीधा प्रसारण प्रदेशभर में देखा गया। उसी क्रम में राज्य स्तरीय कार्यक्रम रायपुर में आयोजित हुआ जिसमें मुख्यमंत्री तथा मंत्रीगण की उपस्थिति रही। बिरसा मुंडा पर उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल एक जनजातीय नेता नहीं थे, बल्कि भारत की स्वतंत्रता चेतना के एक महान प्रतीक थे। उनके सम्मान में पूरे प्रदेश में भव्य जनजातीय गौरव पर्व मनाया जा रहा है। भाजपा संगठन एवं जनजाति मोर्चा यह सुनिश्चित करेगा कि उनके विचार हर गाँव तक पहुँचे। ‘
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur