सूरजपुर,13 नवम्बर 2025 (घटती-घटना)। जिले के वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ, पूर्व मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा अधिकारी-कर्मचारी फैडरेशन के संयोजक डॉ. आर.एस. सिंह को छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य अधिकारी-कर्मचारी संघ का प्रांतीय महासचिव नियुक्त किया गया है। उनकी इस महत्वपूर्ण नियुक्ति की आधिकारिक घोषणा होते ही स्वास्थ्य अमले में खुशी की लहर दौड़ गई है। विभागीय कर्मचारियों ने इसे स्वास्थ्य व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव और मजबूत नेतृत्व की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है। डॉ. सिंह पिछले लंबे समय से स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में सक्रिय रहे हैं। उनकी गिनती अनुभवी,संवेदनशील और परिणाम-उन्मुख चिकित्सकों में होती है। सूरजपुर जिले में पदस्थापना के दौरान उन्होंने मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने, ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और जनजागरूकता अभियानों को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाई। कोविड-19 महामारी के समय उनकी रणनीतियों और नेतृत्व में महती भूमिका निभाई थी।
स्वास्थ्य अधिकारी-कर्मचारी संघ में प्रांतीय महासचिव जैसे जिम्मेदार पद पर डॉ. सिंह की नियुक्ति को संगठन में पारदर्शिता, सामंजस्य और सशक्त प्रतिनिधित्व की दिशा में एक सकारात्मक संकेत के रूप में देखा जा रहा है। कर्मचारी संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि डॉ. सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य कर्मियों की समस्याओं के निराकरण, सेवा शर्तों के सुधार और बेहतर कार्य वातावरण की दिशा में ठोस पहल देखने को मिलेगी।
स्थानीय चिकित्सकों, कर्मचारियों और सामाजिक संगठनों ने भी डॉ. सिंह को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि उनके अनुभव, कार्यकुशलता और दूरदर्शी सोच से न केवल संगठन मजबूत होगा बल्कि प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में भी आमूल-चूल सुधार देखने को मिलेंगे। डॉ. सिंह ने भी सभी के विश्वास पर धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन को मजबूती से आगे बढ़ाने और स्वास्थ्य कर्मियों के हितों के संरक्षण के लिए पूरे संकल्प और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।
श्चद्धशह्लश-27
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur