-संवाददाता-
अम्बिकापुर,10 नवम्बर 2025
(घटती-घटना)।
नवीन न्यायालय भवन निर्माण वर्तमान न्यायालय परिसर के समीप ही कराए जाने की मांग को लेकर अधिवक्ताओं का विरोध जारी है। अधिवक्ता संघ अपनी मांगों को लेकर पिछले कई दिनों से अनिश्चितकालीन कलमबंद आंदोलन पर है। अधिवक्ताओं ने सोमवार को न्यायालय परिसर में एकत्र होकर शांतिपूर्ण ढंग से अपना विरोध दर्ज कराया तथा शासन-प्रशासन से इस विषय पर शीघ्र संवेदनशील निर्णय लेने की मांग की। आंदोलन की विशेषता यह रही कि कायस्थ समाज, सरगुजा के पदाधिकारीगण एवं वरिष्ठ सदस्य बड़ी संख्या में आंदोलन स्थल पर पहुंचे और अधिवक्ताओं के इस न्यायोचित एवं जनहितकारी आंदोलन को पूर्ण समर्थन प्रदान किया। समाज के प्रतिनिधियों ने मंच से कहा कि अधिवक्ता समाज सदैव जनहित और न्याय की रक्षा के लिए खड़ा रहा है, और जब अधिवक्ता एक स्वर में किसी विषय पर आवाज उठाते हैं तो वह केवल अपने लिए नहीं बल्कि पूरे समाज के न्यायसंगत भविष्य के लिए होती है। कायस्थ समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि न्यायालय भवन का वर्तमान स्थान वर्षों से न्यायिक कार्यप्रणाली के लिए उपयुक्त सिद्ध हुआ है। यह स्थान नागरिकों की पहुंच में है, यहां अधिवक्ताओं,वादकारियों, न्यायिक अधिकारियों तथा कर्मचारियों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। संघ के पदाधिकारियों ने कायस्थ समाज के समर्थन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति या संस्था के विरोध में नहीं,बल्कि जनसुविधा,न्यायिक गरिमा और पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था की रक्षा के लिए है। अधिवक्ता समुदाय का उद्देश्य केवल यह सुनिश्चित करना है कि न्यायालय भवन का निर्माण ऐसे स्थान पर हो जहां न्याय की पहुंच आम जनता तक सहज बनी रहे। संघ की संघर्ष समिति ने प्रशासन द्वारा किए जा रहे विभिन्न दवाबों एवं भ्रामक प्रचारों की निंदा करते हुए कहा कि अधिवक्ता समुदाय पूरी तरह शांतिपूर्ण,संवैधानिक और लोकतांत्रिक मार्ग पर चल रहा है। यदि प्रशासन द्वारा आंदोलन को दबाने या भटकाने का कोई प्रयास किया गया तो संपूर्ण अधिवक्ता समाज और अधिक व्यापक स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। संघ ने पुनः यह स्पष्ट किया है कि जब तक शासन-प्रशासन द्वारा न्यायालय भवन को वर्तमान स्थल पर ही निर्मित किए जाने का लिखित, स्पष्ट एवं औपचारिक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक अधिवक्ताओं का यह अनिश्चितकालीन कलमबंद आंदोलन यथावत जारी रहेगा। अधिवक्ताओं ने सरगुजा की जनता, सामाजिक संगठनों, व्यापारी वर्ग,छात्र समुदाय एवं जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे इस जनहित के संघर्ष में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि न्यायिक व्यवस्था की गरिमा एवं आमजन की सुविधा की रक्षा की जा सके।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur