परिजनों ने लगाया पिटाई का आरोप,पुलिस ने बीमारी बताई वजह
-संवाददाता-
बलरामपुर,09 नवम्बर 2025
(घटती-घटना)।
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में एक बार फिर पुलिस हिरासत में मौत का मामला सामने आया है। ग्राम दहेजवार स्थित धनंजय ज्वेलर्स में हुई बड़ी चोरी के एक आरोपी की रविवार अलसुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस का दावा है कि युवक को सिकलसेल बीमारी थी और उसी की वजह से रास्ते में उसकी तबीयत बिगड़ गई,जबकि मृतक के परिजन इसे पुलिस पिटाई का नतीजा बता रहे हैं। इस घटना के बाद जिले में तनाव का माहौल है और किसी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। बलरामपुर के दहेजवार चौक स्थित धनंजय ज्वेलर्स में 30 अक्टूबर की रात दो बाइकों पर सवार छह चोरों ने धावा बोला था। सीसीटीवी फुटेज में कैद इस गिरोह ने दुकान का शटर तोडकर लाखों रुपए के सोने-चांदी के गहने और 3.5 लाख नकद लेकर फरार हो गए थे। फुटेज के आधार पर पुलिस ने छानबीन शुरू की और कुछ ही दिनों में 5 चोर और 4 खरीदारों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। पुलिस के अनुसार, चोरी में शामिल आरोपियों में से अधिकांश बलरामपुर और सरगुजा क्षेत्र के हैं। पकड़े गए लोगों में सीतापुर के ग्राम नकना निवासी उमेश सिंह (19 वर्ष) भी शामिल था। चोरी के गहनों की खरीद-बिक्री से जुड़े अंबिकापुर और जशपुर के कुछ लोग भी गिरफ्तार किए गए थे।
हिरासत में तबीयत बिगडऩे का दावा
पुलिस का कहना है कि उमेश सिंह को बरामदगी के लिए सीतापुर ले जाया गया था। वहां से लौटते समय उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। टीम ने उसे बलरामपुर जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन रविवार सुबह करीब 4 बजे भर्ती कराने के आधे घंटे बाद ही उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, पर प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उमेश को सिकलसेल एनीमिया था, जिससे उसकी हालत बिगड़ी।
तनाव के बीच पुलिस बल की तैनाती : घटना के बाद बलरामपुर में स्थिति तनावपूर्ण हो गई है। कोतवाली और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। पुलिस प्रशासन इस मामले को लेकर बेहद सतर्क है क्योंकि एक साल पहले भी बलरामपुर कोतवाली में एक आरोपी की संदिग्ध मौत हुई थी, जिसके बाद लोगों ने थाने और अस्पताल परिसर में पथराव कर दिया था। उसी घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए इस बार प्रशासन ने पहले से ही सुरक्षा बढ़ा दी है।
पुलिस की छवि पर फिर सवाल : हिरासत में उमेश सिंह की मौत ने एक बार फिर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पिछली घटनाओं की तरह इस बार भी सवाल यह है कि क्या पुलिस ने पूछताछ की आड़ में सख्ती की हद पार कर दी, या फिर यह वास्तव में एक चिकित्सकीय मामला था। सिविल सोसायटी और स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि युवक बीमार था तो उसे हिरासत में रखने से पहले मेडिकल जांच करानी चाहिए थी। वहीं पुलिस का कहना है कि सभी कार्रवाई कानूनन तरीके से की गई थी।
जांच और कार्रवाई की मांग : इस मामले ने प्रशासन को भी सतर्क कर दिया है। सूत्रों के अनुसार, बलरामपुर एसपी ने मैजिस्टि्रयल जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
परिजन चाहते हैं कि शव का पोस्टमार्टम किसी अन्य जिले में कराया जाए ताकि जांच निष्पक्ष हो। इधर, स्थानीय लोगों ने सोशल मीडिया पर भी पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस ने पीटा,बीमारी नहीं थी…
मृतक के परिवार ने पुलिस के दावे को सिरे से खारिज कर दिया है। अस्पताल पहुंचे उमेश सिंह की मां अगरमती सिंह, बहन और भाभी का कहना है कि उमेश बिल्कुल स्वस्थ था और उसे किसी तरह की बीमारी नहीं थी। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने उसकी हाथ बांधकर बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसके मुंह से खून निकल रहा था। उन्होंने बताया कि परिजनों को हिरासत में रखे उमेश से मिलने तक नहीं दिया गया। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है।
9 आरोपी गिरफ्तार,एक अब भी फरार
पुलिस के मुताबिक, धनंजय ज्वेलर्स चोरी प्रकरण में कुल 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इनमें से 5 मुख्य आरोपी शिवकुमार, सूरज सिंह, वेद सिंह, उमेश सिंह और सूर्या गिरी—चोरी की घटना में शामिल थे, जबकि 4 अन्य लोग चोरी के गहने खरीदने या बेचने में शामिल पाए गए। चोरी के दौरान उपयोग की गई दो मोटरसाइकिलों (अपाचे और पल्सर), 234 ग्राम सोना, 12 किलोग्राम चांदी, साढ़े तीन लाख रुपए नकद, दो सेकेंड हैंड आईफोन, एक स्कूटी और चोरी के गहनों से खरीदी गई बाइक समेत करीब 50 लाख रुपए का माल बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, यही गिरोह 22 अक्टूबर को सूरजपुर की एक ज्वेलरी दुकान में भी चोरी कर चुका था।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur