-संवाददाता-
अम्बिकापुर,08 नवम्बर 2025
(घटती-घटना)।
छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति तोड़े जाने को लेकर प्रदेशभर में तनाव बढ़ गया है। कुछ समय पहले रायपुर में अज्ञात व्यक्ति ने छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति तोड़ दी थी, जिससे बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए थे। इस घटना के बाद प्रदेश सरकार ने तत्काल वहां नई मूर्ति स्थापित की, लेकिन इसी मुद्दे पर छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के प्रमुख अमित बघेल ने अग्रसेन समाज और सिंधी समाज के धर्मगुरुओं के खिलाफ अपत्तिजनक बयान दिए थे। अमित बघेल द्वारा की गई इस टिप्पणी ने प्रदेशभर में बवाल मचा दिया। उन्होंने कहा था कि इन समाजों के धार्मिक गुरुओं की मूर्तियां क्यों नहीं तोड़ी जातीं और उन्होंने सिंधी समाज को लेकर भी विवादित शब्दों का इस्तेमाल किया। बघेल की इन टिप्पणियों ने अग्रसेन और सिंधी समाज के लोगों में गहरी नाराजगी पैदा की, और उनके खिलाफ लगातार प्रदर्शन हो रहे हैं। अंबिकापुर में इस मुद्दे को लेकर शनिवार को सर्व समाज के लोग एकजुट हुए और अग्रसेन चौक पर धरना प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने 48 घंटे के भीतर अमित बघेल की गिरफ्तारी की मांग की। उनका कहना था कि यदि बघेल को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो वे प्रदेशव्यापी बंद का आह्वान करेंगे और आंदोलन को और तीव्र करेंगे। प्रदर्शनकारियों ने यह भी कहा कि किसी भी समाज के धर्मगुरुओं, महापुरुषों और भगवान के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अंबिकापुर में अग्रसेन और सिंधी समाज के प्रतिनिधियों ने इस मामले में पुलिस प्रशासन से मुलाकात की और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। उनका आरोप था कि बघेल की टिप्पणी से समाज में धार्मिक और सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ सकता है, इसलिए उन पर कार्रवाई होनी चाहिए। इस पूरे विवाद ने राज्य में साम्प्रदायिक माहौल को और तनावपूर्ण बना दिया है, और अब यह देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में किस तरह की कार्रवाई करता है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur