Breaking News

अम्बिकापुर@धूमधाम से मनाया गया खाटूवाले श्याम बाबा का 29वां वार्षिक महोत्सव

Share

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,05 नवम्बर 2025 (घटती-घटना)। बुधवार को श्याम बाबा के 29वें वार्षिक महोत्सव के मौके पर शहर में भव्य निशान यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हाथों में रंग-बिरंगे आकर्षक निशान लेकर श्याम बाबा के नाम का जाप किया। यात्रा का आयोजन श्याम सेवा मंडल द्वारा किया गया, जो पूरे शहर में धूमधाम से मनाया गया। श्रद्धालुओं ने श्याम बाबा के दर पर पहुंचकर निशान अर्पित करते हुए उनसे मनौती मांगी और सच्चे मन से उनकी आराधना की। शोभायात्रा राम मंदिर से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों से गुजरती हुई श्याम बाबा के मंदिर में समाप्त हुई। यात्रा का मार्ग जय स्तंभ चौक, महामाया चौक, संगम चौक, देवीगंज रोड, घड़ी चौक और गांधी चौक से होते हुए पीजी कॉलेज के सामने स्थित श्याम बाबा के मंदिर तक था। शोभायात्रा के दौरान श्याम बाबा की आकर्षक झांकी भी निकाली गई, जिसमें विशेष रूप से श्याम बाबा की शीश दान वाली झांकी को फूलों से सजाया गया था। शोभायात्रा के दौरान राधा-कृष्ण की झांकी को विशेष रूप से आकर्षक बनाया गया था। झूले पर झूलते राधा-कृष्ण के साथ गोपियां नाचते हुए दिखाई दे रही थीं, जो श्रद्धालुओं के लिए एक अद्भुत दृश्य था। इसके अलावा अन्य झांकियां भी प्रमुख आकर्षण का केंद्र बनीं। शोभायात्रा में पुरुषों और महिलाओं की बड़ी संख्या शामिल रही, जिन्होंने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। शाम को श्याम बाबा के मंदिर में संकीर्तन और जागरण का आयोजन किया गया, जो देर रात तक चलता रहा। इस कार्यक्रम में भक्तों ने भक्ति संगीत के साथ श्याम बाबा की आराधना की। शोभायात्रा के बाद पीजी कॉलेज के सामने स्थित श्याम मंदिर में श्याम बाबा का फूलों से अलौकिक श्रृंगार किया गया। इस मौके पर महाआरती का आयोजन भी किया गया। बाद में बाबा को 56 भोग, सवामणि भोग और अमृतमय महाप्रसाद अर्पित किया गया। खाटूवाले श्याम बाबा के महोत्सव ने श्रद्धालुओं के दिलों में भक्ति और श्रद्धा का अलौकिक अनुभव उत्पन्न किया और यह आयोजन अम्बिकापुर में एक अद्वितीय धार्मिक उत्सव के रूप में संपन्न हुआ।


Share

Check Also

बलरामपुर @एनएच-343 पर परिवहन व यातायात विभाग की संयुक्त कार्रवाई

Share बिना परमिट चल रही स्कूल बस जब्त,10 हजार रुपये का चालानबलरामपुर ,22 अप्रैल 2026 …

Leave a Reply