-संवाददाता-
अम्बिकापुर,03 नवम्बर 2025
(घटती-घटना)।
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल (सीजी बोर्ड) रायपुर और परख,एनसीईआरटी नई दिल्ली के संयुक्त प्रयास से राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत बोर्ड परीक्षा प्रश्नपत्रों में एकरुपता लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इस सिलसिले में, मण्डल अध्यक्ष रेणु पिल्ले और सचिव पुष्पा साहू के निर्देश पर, एनसीईआरटी नई दिल्ली, परख विभागाध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. इन्द्राणी भादुरी और उपसचिव डॉ. बी रघु के मार्गदर्शन में 29 से 31 अक्टूबर तक तीन दिवसीय डीएलएड (प्रथम और द्वितीय वर्ष) ब्लूप्रिंट निर्माण प्रशिक्षण सह-कार्यशाला का आयोजन मण्डल कार्यालय के सभाकक्ष में किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण प्रश्नपत्र निर्माण के लिए ब्लूप्रिंट की अवधारणा और निर्माण विधियों से परिचित कराना था। इस प्रशिक्षण में सहायक प्राध्यापक डॉ. प्रदीप कुमार साहू, मनीषी सिंह, शिवा सोमवंशी, अलका जैन, अहर्निश पॉल, डॉ. रीता चौबे, डॉ. माधुरी बोरेकर ने विशेषज्ञ के रूप में प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्होंने ब्लूप्रिंट निर्माण की प्रक्रिया और विभिन्न प्रकार के प्रश्नों (स्मरण, अवबोधात्मक, अनुप्रयोगात्मक, विश्लेषणात्मक, मूल्यांकन, रचनात्मक) के बारे में विस्तृत जानकारी दी। ब्लूप्रिंट कार्यशाला में शिक्षकों ने शैक्षिक उद्देश्यों के अनुरूप प्रश्नपत्र निर्माण की विधियों पर चर्चा की और प्रश्नों को संतुलित तरीके से तैयार करने के उपायों पर विचार-विमर्श किया। इसके अलावा, प्रशिक्षकों ने ब्लूप्रिंट के 6 प्रमुख डोमेन पर आधारित नए प्रश्नपत्र ब्लूप्रिंट को तैयार किया, जिनमें जानात्मक,अवबोधात्मक,अनुप्रयोगात्मक, विश्लेषणात्मक, मूल्यांकन और रचनात्मक प्रकार के प्रश्न शामिल थे। इस कार्यशाला में डाइट अंबिकापुर से डॉ. पुष्पा सिंह ने भी सहभागिता की। कार्यशाला के अंत में सभी प्रतिभागियों ने इसकी सराहना की और इसे डीएलएड के लिए एक महत्वपूर्ण और पहली बार आयोजित की गई पहल बताया। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन शिक्षकों को न केवल उनके कौशल में सुधार करने में मदद करता है, बल्कि बोर्ड परीक्षा के प्रश्नपत्रों को अधिक मानक और गुणात्मक बनाने में भी सहायक सिद्ध होता है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur