Breaking News

मनेंद्रगढ़@चैनपुर स्थित प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग,लाखों का नुकसान,दमकल कर्मियों ने रातभर चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

Share


-संवाददाता-
मनेंद्रगढ़,02 नवंबर 2025 (घटती-घटना)।
शहर के चैनपुर इलाके में बीती रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक प्लास्टिक फैक्ट्री में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और फैक्ट्री में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन प्राथमिक अनुमान के अनुसार त्यौहार में पटाखे की वजह से आग लगने की संभावना जताई जा रही है,घटना की सूचना मिलते ही खान बचाव केंद्र की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और अथक प्रयासों से आग पर काबू पाया। आग पर नियंत्रण पाने में बैकुंठपुर, चर्चा और मनेंद्रगढ़ नगर सेना की दमकल गाडि़यों ने भी लगातार कई घंटों तक प्रयास किया। दमकल कर्मियों की तत्परता से आसपास की बस्तियों और अन्य औद्योगिक इकाइयों को बड़ी दुर्घटना से बचा लिया गया, हालांकि, इस घटना के दौरान मनेंद्रगढ़ नगर पालिका प्रशासन की लापरवाही भी उजागर हुई। बताया गया कि जब बैकुंठपुर और चर्चा से दमकल गाडि़याँ मौके पर पहुँच गईं, तब भी मनेंद्रगढ़ नगर पालिका की दमकल गाड़ी नहीं पहुँच पाई। स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों ने नगरपालिका के कर्मचारियों की इस उदासीनता पर नाराजगी जताई और इसे शहर के लिए गंभीर चिंता का विषय बताया।
इस घटना को लेकर युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष हाफिज मेमन ने कहा
मनेंद्रगढ़ के चैनपुर इलाके में स्थित प्लास्टिक फैक्ट्री में लगी आग पर काबू पाने के लिए खान बचाव केंद्र की पूरी रेस्क्यू टीम का मैं तहेदिल से धन्यवाद करता हूँ, जिनके अथक प्रयास से आग पर नियंत्रण पाया जा सका। बैकुंठपुर,चर्चा एवं मनेंद्रगढ़ नगर सेना की दमकल टीमों का भी योगदान सराहनीय रहा। लेकिन यह अत्यंत दुःख की बात है कि मनेंद्रगढ़ नगर पालिका की दमकल गाड़ी समय पर नहीं पहुँची, जिससे प्रशासन की लापरवाही उजागर होती है, मैं उन सभी साथियों का भी आभार व्यक्त करता हूँ जो इस आकस्मिक विपदा के समय रात भर हमारे साथ खड़े रहे और हर संभव मदद की। स्थानीय प्रशासन ने आग की जांच के आदेश दिए हैं और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। क्षेत्र के लोगों ने मांग की है कि नगरपालिका की दमकल व्यवस्था में सुधार किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति में राहत कार्यों में देरी न हो।


Share

Check Also

राजपुर@ उत्कृष्ट पार्षद के लिए नवीन सर्व सोनार समाज ने किया पार्षद विशवास का सम्मान

Share राजपुर,24 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। नवीन सर्व सोनार समाज राजपुर द्वारा निर्दलीय निर्वाचित वार्ड पार्षद …

Leave a Reply