Breaking News

अम्बिकापुर@बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर होगा मतदाता सत्यापन,7 फरवरी 2026 को अंतिम सूची प्रकाशित

Share


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,01 नवम्बर 2025
(घटती-घटना)।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रदेश में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) प्रारंभ कर दिया गया है। इस प्रक्रिया के तहत राज्यभर में मतदाता सूची को अद्यतन करने का कार्य चल रहा है। इसी संदर्भ में, शनिवार को जिला कलेक्टरेट सभाकक्ष में अपर कलेक्टर और उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुनील नायक ने प्रेस वार्ता आयोजित कर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्देशित इस विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के तहत देश के 12 राज्यों, जिनमें छत्तीसगढ़ भी शामिल है, में मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और पारदर्शी बनाने का कार्य शुरू किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य मृत व्यक्तियों के नामों को सूची से हटाना, स्थायी रूप से निवास बदलने वाले मतदाताओं का नाम हटाना, एक ही व्यक्ति के दो स्थानों पर पंजीकरण को निरस्त करना, और अपात्र व्यक्तियों के नामों को सूची से बाहर करना है। इस अभियान से मतदाता सूची में त्रुटियों को ठीक करने का प्रयास किया जाएगा,ताकि सही जानकारी और सही नागरिकों का नाम इस सूची में शामिल हो सके। उन्होंने यह भी बताया कि इस पुनरीक्षण प्रक्रिया में मतदाताओं को बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) द्वारा परिगणना फॉर्म उपलब्ध कराया जाएगा। मतदाता को निर्धारित समय सीमा के भीतर इस फॉर्म को भरकर बीएलओ को जमा करना होगा। इस फॉर्म को भरने से पहले मतदाता को दो नवीनतम रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो (सफेद बैकग्राउंड में) और पहचान प्रमाणपत्र को अनिवार्य रूप से संलग्न करना होगा।
28 अक्टूबर 2025 तक की स्थिति : सुनील नायक ने 28 अक्टूबर 2025 तक जिले के मतदाताओं की स्थिति का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि जिले में कुल 680,486 मतदाता हैं, जिनमें 335,376 पुरुष, 345,092 महिला और 18 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। विधानसभा क्षेत्र-09 लुण्ड्रा में 202,085 मतदाता हैं, जिसमें 100,139 पुरुष, 101,942 महिला और 4 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। विधानसभा क्षेत्र-10 अंबिकापुर में 264,890 मतदाता हैं, जिसमें 130,447 पुरुष, 134,431 महिला और 12 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। विधानसभा क्षेत्र-11 सीतापुर में 206,959 मतदाता हैं, जिसमें 101,567 पुरुष, 105,390 महिला और 2 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। विधानसभा क्षेत्र-05 भटगांव में 6,552 मतदाता हैं, जिनमें 3,223 पुरुष और 3,329 महिला मतदाता हैं।


Share

Check Also

बलरामपुर @एनएच-343 पर परिवहन व यातायात विभाग की संयुक्त कार्रवाई

Share बिना परमिट चल रही स्कूल बस जब्त,10 हजार रुपये का चालानबलरामपुर ,22 अप्रैल 2026 …

Leave a Reply