अम्बिकापुर,12 अक्टूबर 2025 (घटती-घटना)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में अंबिकापुर ग्रामीण खंड के सारगवां मंडल के स्वयंसेवकों द्वारा इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में शस्त्र पूजन और बौद्धिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर घोष वादन के साथ अनुशासित पथ संचलन किया गया, जिसमें बाल स्वयंसेवकों से लेकर प्राध्यापक, छात्र और विभिन्न गांवों से आए स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत मां भारती के चित्र पर पुष्पांजलि और शस्त्र पूजन से हुई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. आरएन खरे ने संघ के 100 वर्षों की विचार यात्रा को याद करते हुए कहा कि संघ ने समाज जीवन के हर क्षेत्र में सकारात्मक कार्य खड़ा कर मानवीय चेतना को जागृत किया है। उन्होंने संघ को भारतीय संस्कृति और राष्ट्र के लिए एक अनुपम भेंट बताया। मुख्य वक्ता नरेंद्र सिन्हा (विभाग संपर्क प्रमुख) ने अपने उद्बोधन में संघ की स्थापना की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि को रेखांकित करते हुए बताया कि कैसे विजयादशमी के दिन, हिंदुत्व की चेतना और राष्ट्रीय संगठन की आवश्यकता को महसूस करते हुए नागपुर के मोहिते वाड़ा में संघ की स्थापना हुई। उन्होंने कहा कि जब हिंदू कहे जाने पर भी लोग संकोच करते थे, तब संघ ने समाज को आत्मगौरव दिलाने का कार्य किया। उन्होंने संघ के 100 वर्षों के विभिन्न योगदानों को रेखांकित किया, जिसमें असहयोग आंदोलन, गोवा मुक्ति संग्राम,जम्मू-कश्मीर विलय,1962-63 के युद्ध में सैनिक सहायता,राम जन्मभूमि आंदोलन, धारा 370, अमरनाथ श्राइन बोर्ड आंदोलन सहित कई सामाजिक और सांस्कृतिक कार्य शामिल हैं। सिन्हा ने बताया कि संघ शताब्दी वर्ष में पंच परिवर्तन जैसे प्रमुख विषयों-सामाजिक सद्भाव, स्वबोध, परिवार प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक शिष्टाचार-पर विशेष बल दिया जा रहा है। साथ ही संघ कार्य के विस्तार व दृढ़ीकरण हेतु सात प्रमुख गतिविधियों को आगे बढ़ाया जाएगा। इस संचलन में समीर मंडल,अनंत,रोहन जी, विजय व्यापारी,इंद्रदेव,अविनाश,प्रवीण ,अजीत सिंह समेत बड़ी संख्या में स्वयंसेवक सम्मिलित हुए। मार्ग में ग्राम पंचायतों और आम नागरिकों द्वारा पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur