अम्बिकापुर,10 अक्टूबर 2025 (घटती-घटना)। भ्रष्टाचार पर लगाम कसने एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने शुक्रवार को सूरजपुर जिले में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। मां महामाया शक्कर कारखाना, केरता के प्रभारी मुख्य अभियंता सी.आर. (चमरू) नायक को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई एसीबी की पांच सदस्यीय टीम ने सुनियोजित तरीके से की।
नौकरी से नहीं हटाने और नियमितीकरण के नाम पर मांगी रिश्वत
सूत्रों के अनुसार, कारखाने में कार्यरत संविदा ऑपरेटर प्रदीप कुमार से अभियंता नायक ने धमकाते हुए कहा था कि यदि वह 50 हजार रुपये नहीं देगा तो उसे नौकरी से हटा दिया जाएगा और नियमितीकरण की प्रक्रिया में भी उसका नाम नहीं जोड़ा जाएगा। परेशान होकर प्रदीप कुमार ने एसीबी अंबिकापुर कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई।
जाल बिछाकर की गई कार्रवाई
शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी टीम ने जाल बिछाया। निर्धारित स्थान पर जैसे ही नायक ने शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये की राशि ग्रहण की, टीम ने तुरंत दबिश देकर उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
घर में तलाशी, दस्तावेज और मोबाइल जब्त
गिरफ्तारी के बाद एसीबी टीम ने नायक के सरकारी आवास पर भी छापा मारा, जहां से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और मोबाइल फोन जब्त किए गए। प्रारंभिक पूछताछ में अभियंता नायक ने रिश्वत लेने की बात स्वीकार की है। टीम ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
कारखाने में मचा हड़कंप : इस कार्रवाई के बाद महामाया शक्कर कारखाने के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि कारखाने में लंबे समय से अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की शिकायतें मिल रही थीं। एसीबी की कार्रवाई के बाद विभाग में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur