Breaking News

अंबिकापुर@पीजी कॉलेज अंबिकापुर के ऑडिटोरियम में भाजयुमो सरगुजा संभाग की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न

Share


युवा शक्ति राष्ट्र की दिशा तय करती है:पवन साय

अंबिकापुर,23 सितम्बर 2025 (घटती-घटना)। गत सोमवार को पीजी कॉलेज अंबिकापुर के ऑडिटोरियम में भारतीय जनता युवा मोर्चा सरगुजा संभाग की महत्वपूर्ण बैठक गरिमामय माहौल में संपन्न हुई। इस कार्यक्रम में प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिया, छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल, भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, गृह निर्माण मंडल प्रदेश अध्यक्ष अनुराग सिंह देव, युवा आयोग प्रदेश अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर, भाजपा सरगुजा जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया, बलरामपुर जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल, अंबिकापुर नगर निगम महापौर श्रीमती मंजूषा भगत एवं भाजपा प्रदेश मंत्री शिवनाथ यादव एवं पूर्व जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह मंच पर मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक में सरगुजा संभाग के विभिन्न जिलों से पहुंचे भाजयुमो कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। अपने संबोधन में प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि संगठन का प्रत्येक कार्य समाज और राष्ट्र निर्माण से जुड़ा होता है। भाजपा विचारधारा राष्ट्रहित में समर्पित है और युवा शक्ति ही आने वाले समय की दिशा तय करती है। कार्यकर्ताओं को चाहिए कि संगठन द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों को जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ क्रियान्वित करें, ताकि पार्टी की विचारधारा समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। युवा अपने आचरण और सेवा भाव से समाज में विश्वास और ऊर्जा का संचार करें। नवनियुक्त भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिया ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा युवा मोर्चा के हजारों कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ हैं। हमें जनता से जुड़कर उनके बीच रहना है, उनके सुख-दुख में सहभागी बनना है। सेवा पखवाड़ा अंतर्गत चल रहे कार्यक्रम केवल औपचारिकता नहीं हैं, बल्कि यह समाज की वास्तविक जरूरतों को पूरा करने का संकल्प है। युवा मोर्चा पूरी निष्ठा और एकजुटता के साथ संगठन को मजबूत बनाएगा। मंच संचालन भाजयुमो सरगुजा जिला महामंत्री अंशुल श्रीवास्तव ने किया एवं आभार प्रदर्शन युवा मोर्चा संभाग प्रभारी जितेंद्र देवांगन ने किया। बैठक में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, युवा मोर्चा पदाधिकारी और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग उपस्थित थे।


Share

Check Also

बलरामपुर @एनएच-343 पर परिवहन व यातायात विभाग की संयुक्त कार्रवाई

Share बिना परमिट चल रही स्कूल बस जब्त,10 हजार रुपये का चालानबलरामपुर ,22 अप्रैल 2026 …

Leave a Reply