Breaking News

अंबिकापुर@वृद्धा से लूट,पुलिस बनकर चार बदमाशों ने उड़ाए 4 लाख के जेवर

Share

अंबिकापुर,14 सितम्बर 2025 (घटती-घटना)। शहर में लूट की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला रविवार सुबह का है, जब चोपड़ापारा क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकली 70 वर्षीय वृद्धा से चार अज्ञात बदमाशों ने लाखों के जेवर लूट लिए। खुद को पुलिसकर्मी बताकर बदमाशों ने महिला को डरा-धमका कर सोने की चेन और दोनों हाथों के कंगन उतरवा लिए। इसके बदले नकली कंगन पकड़ा कर वे फरार हो गए। वृद्धा से लूटे गए जेवरों की कीमत लगभग 4 लाख रुपए बताई जा रही है। घटना के बाद कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शहर के अलग-अलग हिस्सों में पुलिस चेकिंग अभियान चला रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की पहचान जल्द कर ली जाएगी और गिरफ्तारी भी होगी।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
जानकारी के अनुसार, पीडि़ता पानो देवी पति स्व. योगेन्द्र मंडल (उम्र 70 वर्ष) चोपड़ापारा की निवासी हैं। रविवार सुबह वे रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं और वॉक के बाद अपनी सहेली के घर के पास बैठी थीं। इसी दौरान प्रतापपुर चौक की ओर से दो बाइक में सवार चार युवक वहां पहुंचे। उन्होंने खुद को पुलिसवाले बताते हुए वृद्धा को पास बुलाया। बदमाशों ने महिला से कहा कि शहर में लगातार लूट की घटनाएं हो रही हैं, और आप इतनी मात्रा में सोना पहनकर अकेली बाहर घूम रही हैं। उन्होंने कहा कि घर जाकर जेवर उतार लीजिए, वरना खतरा हो सकता है। वृद्धा ने जवाब दिया कि उसका घर पास ही है, वहीं जाकर जेवर उतार देगी। लेकिन युवकों ने बहला-फुसलाकर गले की चेन और हाथों के कंगन उतरवा लिए और महिला के हाथ में देकर भरोसा दिलाया कि वे उसे सुरक्षित रख रहे हैं। इसके बाद एक बदमाश ने महिला के आंचल में कंगन बांध दिए और तेजी से मौके से फरार हो गए।
नकली कंगन देकर फरार हुए बदमाश
महिला को लगा कि उसके असली जेवर सुरक्षित उसके आंचल में बांधे गए हैं। लेकिन बदमाशों के जाने के बाद जब उसने आंचल खोलकर देखा तो वहां नकली कंगन थे और चेन भी गायब थी। महिला तुरंत घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना बताई। परिजनों ने तत्काल कोतवाली थाना पहुंचकर मामला दर्ज कराया।
गिरोह होने की आशंका
पुलिस को शक है कि यह किसी संगठित गिरोह की करतूत है,जो वृद्ध महिलाओं को निशाना बना रहा है। बदमाश पहले से नकली कंगन लेकर आए थे और पूरी योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया गया। वृद्धा की उम्र और अकेले होने का फायदा उठाकर बदमाशों ने बिना किसी शोर-शराबे के लूट को अंजाम दिया।


Share

Check Also

बलरामपुर @एनएच-343 पर परिवहन व यातायात विभाग की संयुक्त कार्रवाई

Share बिना परमिट चल रही स्कूल बस जब्त,10 हजार रुपये का चालानबलरामपुर ,22 अप्रैल 2026 …

Leave a Reply