सरकार के हस्तक्षेप से सुरक्षित वापसी की उम्मीद
अंबिकापुर,11 सितम्बर 2025 (घटती-घटना)। नेपाल में हाल ही में भडकी भीषण हिंसा और अशांति के बीच सरगुजा जिले के 5 युवक वहां फंस गए हैं। नेपाल में आगजनी और विरोध-प्रदर्शनों के चलते हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं, जिससे आम जनजीवन प्रभावित है और बाहर से आए पर्यटकों की वापसी कठिन हो गई है। इसी बीच अंबिकापुर के सदर रोड निवासी मोहित जिंदल अपने चार अन्य मित्रों अनमोल अग्रवाल,अम्बर जैन, वेदप्रकाश पाण्डेय और शंभु सरदार के साथ 3 सितंबर को निजी कार से नेपाल भ्रमण पर गए थे। नेपाल में अचानक बिगड़े हालात के कारण इन युवकों की वापसी में परेशानी आने लगी। स्थिति गंभीर होते देख मोहित जिंदल ने व्हाट्सऐप के माध्यम से अपने परिजनों को नेपाल में फंसे होने की सूचना दी। युवकों के परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए अंबिकापुर के विधायक और छत्तीसगढ़ सरकार में मंत्री राजेश अग्रवाल से संपर्क किया और पूरी स्थिति से अवगत कराया। घटना की संवेदनशीलता को समझते हुए मंत्री राजेश अग्रवाल ने तत्काल मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को मामले की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास से संपर्क कर नेपाल में फंसे युवकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। परिजनों के मुताबिक सभी युवक वर्तमान में सुरक्षित हैं और संपर्क में हैं। सरकार और एंबेसी के सहयोग से जल्द वापसी की संभावना जताई जा रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur