अंबिकापुर,09 सितम्बर 2025 (घटती-घटना)। मैनपाट और सीतापुर क्षेत्र में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। 4 सितंबर की रात को सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम जामकानी परसापारा में हाथियों के दल ने एक महिला की जान ले ली। यह घटना तब हुई जब महिला अपने पति के साथ घर में सो रही थी। रात करीब 11 बजे 12 हाथियों का झुंड गांव में घुस आया और कई घरों को तोडऩा शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि प्रेमसाय कंवर (उम्र 55 वर्ष) अपने पति के साथ कच्चे मकान में सो रही थी। हाथियों के उत्पात से डरकर पति-पत्नी भागने लगे, लेकिन अंधेरे के कारण महिला हाथी के पैरों के पास पहुंच गई। हाथी ने उसे कुचल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे तत्काल सीतापुर अस्पताल ले गए, जहां से हालत नाजुक होने पर मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।परिजनों ने बताया कि पिछले माह भी हाथियों ने उनके घर को नुकसान पहुंचाया था,लेकिन अब तक मुआवजा नहीं मिला है। वे उसी क्षतिग्रस्त कच्चे मकान में रह रहे थे। एक महीने के भीतर यह दूसरा हमला था, जिसमें अब जान का भी नुकसान हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद वन विभाग और प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। न तो हाथियों को खदेड़ा जा सका है और न ही अब तक मुआवजा मिला है। अब स्थिति यह है कि लोग डरे-सहमे घरों में रहने को मजबूर हैं और कई परिवार रात होते ही गांव छोडऩे लगे हैं। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि हाथियों को तत्काल आबादी क्षेत्र से बाहर खदेड़ा जाए और मृतक महिला के परिजन को उचित मुआवजा व पुनर्वास की व्यवस्था की जाए।
वहीं, वन विभाग से हाथी नियंत्रण के लिए विशेष टीम तैनात करने की भी मांग की गई है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur