अंबिकापुर,09 सितम्बर 2025 (घटती-घटना)। बतौली थाना क्षेत्र में सोमवार को आकाशीय बिजली गिरने से दो अलग-अलग घटनाओं में दो किसानों की मौत हो गई। पहली घटना ग्राम उमापुर में और दूसरी ग्राम टीरंग में हुई। दोनों मामलों में मृतक खेत और मवेशी चराने के दौरान मौसम की मार का शिकार हो गए। इस हृदयविदारक घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है और ग्रामीणों ने प्रशासन से पीडि़त परिवारों को मुआवजे की मांग की है। पहली घटना उमापुर गांव की है, जहां अशोक तिग्गा (38 वर्ष), पिता करलू तिग्गा,अपनी पत्नी ललिता तिग्गा के साथ खेत में काम कर रहा था। दोपहर के समय मौसम बिगडऩे लगा था,तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई थी। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली खेत में गिरी और दंपती इसकी चपेट में आ गए। बिजली गिरते ही दोनों मौके पर ही बेहोश हो गए। कुछ देर बाद जब ललिता को होश आया तो उसने जोर-जोर से चिल्लाना शुरू किया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को खेत से बाहर निकाला। अशोक की हालत गंभीर थी, उसे तुरंत बतौली अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया। जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दूसरी घटना बतौली थाना क्षेत्र के ही ग्राम टीरंग की है। यहां के निवासी सुखउ राम (57 वर्ष) रोज की तरह अपनी भैंसों को चराने जंगल की ओर गया था। शाम करीब 7 बजे जब वह मवेशियों के साथ घर लौट रहा था, तभी रास्ते में तेज बारिश और आंधी शुरू हो गई। उसी दौरान अचानक बिजली गिरी और वह उसकी चपेट में आ गया। बिजली गिरने से सुखउ राम गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बाद में ग्रामीणों और परिजनों को घटना की जानकारी मिली तो पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की गई। सरगुजा जिले में पिछले कुछ दिनों से मौसम लगातार खराब बना हुआ है। सोमवार को भी आसमान में काले बादल छाए रहे और तेज गरज-चमक के साथ बारिश हुई। मौसम विभाग ने पहले ही चेतावनी जारी की थी कि आने वाले कुछ दिनों तक तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur