Breaking News

अंबिकापुर@डीजे पर नाचते वक्त 15 वर्षीय किशोर की मौत डॉक्टर की गैरमौजूदगी पर अस्पताल में हंगामा

Share


अंबिकापुर,07 सितम्बर 2025 (घटती-घटना)। बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में गणेश विसर्जन के दौरान डीजे पर नाचते समय एक 15 वर्षीय किशोर अचानक चक्कर खाकर गिर गया। उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र राजपुर ले जाया गया, लेकिन अस्पताल में कोई चिकित्सक उपस्थित नहीं थे। लगभग 20 मिनट बाद डॉक्टर पहुंचे और उसे जांच के दौरान मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार राजपुर थाना क्षेत्र के महुआपारा निवासी प्रवीण गुप्ता स्वामी आत्मानंद स्कूल में कक्षा 8वीं का छात्र था। शनिवार की शाम गणेश विसर्जन जुलूस में प्रवीण डीजे की तेज आवाज में नाच रहा था। इस दौरान उसे अचानक चक्कर आया और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। सांस लेने में दिक्कत होने पर दोस्तों ने सीने पर दबाव डालने की कोशिश की, लेकिन उसकी हालत नहीं सुधरी। तत्काल उसे पुलिस वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टर मौजूद नहीं थे। करीब 20 मिनट बाद डॉक्टर अस्पताल पहुंचे और जांच के बाद प्रवीण को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर की देर से पहुंचने और अस्पताल स्टाफ की बदसलूकी से गुस्साए लोगों ने हंगामा कर दिया। मौके पर पहुंचे एसडीएम देवेंद्र प्रधान और थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह ने स्थिति को संभाला और लोगों को शांत कराया। लोगों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उसे हटाने की मांग की। परिजनों और साथियों का कहना है कि प्रवीण ने डांस से पहले एनर्जी ड्रिंक पी थी और पूरे दिन पंडालों में व्यस्त था। आशंका है कि डीजे की तेज आवाज के कारण उसे हार्ट अटैक आया। अस्पताल प्रशासन ने कहा है कि मौत का असली कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा। बलरामपुर जिले में डीजे पर कोई प्रतिबंध नहीं था।


Share

Check Also

बलरामपुर @एनएच-343 पर परिवहन व यातायात विभाग की संयुक्त कार्रवाई

Share बिना परमिट चल रही स्कूल बस जब्त,10 हजार रुपये का चालानबलरामपुर ,22 अप्रैल 2026 …

Leave a Reply