राजपुर,29 अगस्त 2025(घटती-घटना)।बलरामपुर जिले के राजपुर नगर पंचायत प्रशासन के द्वारा की तोड़फोड़ की कार्यवाही। दुकानदारों द्वारा नीलामी के बाद भी प्रीमियम व किराया राशि का भुगतान नहीं करने पर कड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को 21 दुकानों को सील कर दिया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी रविंद्र लाल ने जानकारी दी कि वर्ष 2016 में बस स्टैंड परिसर में 15, वर्ष 2021 में महुआपारा में 15 तथा वर्ष 2025 में डेली सजी मार्केट में 12 दुकानों की नीलामी की गई थी। बोली प्रक्रिया में कई दुकानों की कीमत 12 से 15 लाख रुपये तक पहुंची थी। नियम अनुसार प्रीमियम राशि किस्तों में जमा कर अनुबंध पूरा करना था, लेकिन दुकानदारों ने न तो प्रीमियम की राशि पटाई और न ही किराया जमा किया। नगर पंचायत द्वारा दो माह के भीतर तीन बार नोटिस देने के बाद भी दुकानदारों ने कोई जवाब नहीं दिया। अंतिम सूचना 22 अगस्त को जारी कर 48 घंटे के भीतर जवाब मांगा गया था, लेकिन समय सीमा बीतने के बाद भी दावा-आपत्ति नहीं मिलने पर दुकानों को सील करने की कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार बस स्टैंड में 15 में से 6 दुकानें, महुआपारा में 15 में से 5 दुकानें और सजी मार्केट की 12 में से 10 दुकानें सील की गई हैं।
सजी मार्केट की दुकानों को पुनः टेंडर करने की तैयारी की जा रही है। वहीं, महुआपारा में 3 दुकानदारों ने स्वेच्छा से दुकानें सरेंडर कर दी हैं, जिनकी अमानत राशि जप्त कर ली गई है और इन दुकानों का भी पुनः टेंडर होगा। नगरीय प्रशासन के मुताबिक बस स्टैंड में 30 लाख 94 हजार 500 रुपये तथा महुआपारा में 7 लाख 15 हजार 500 रुपये की राशि बकाया है। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार सालिक राम गुप्ता, मुख्य नगर पंचायत अधिकारी रविंद्र लाल, दयाशंकर गुप्ता, जय सिंह सहित पुलिस विभाग की टीम मौजूद रही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur