कैबिनेट विस्तार के बाद दो और अहम विभाग मिलने पर क्षेत्र में हर्ष का माहौल,पटाखों की लडि़यां जलाकर जोरदार आत्मीय स्वागत किये क्षेत्रवासी

चिरमिरी,25 अगस्त 2025 (घटती-घटना) कैबिनेट विस्तार के बाद आज अपने विधानसभा पहुंचे स्थानीय विधायक व स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का जोरदार आत्मीय स्वागत क्षेत्र वासियों के द्वारा किया गया। दरअसल लंबे समय से साय सरकार में कैबिनेट विस्तार की चर्चा चल रही थी जो बीते 20 अगस्त को तीन और विधायकों को अहम जिम्मेदारी देते हुए कैबिनेट में शामिल कर लिया गया। इस तरह से अब साय कैबिनेट में कुल 14 सदस्य हो गए वही पहले से ही स्वास्थ्य मंत्री का जिम्मा संभाल रहे स्थानीय विधायक को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, चिकित्सा शिक्षा, 20 सूत्रीय कार्यान्वयन के साथ साथ दो और अहम जिम्मेदारी पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास का इस कैबिनेट विस्तार के बाद सौंप दी गई है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल अब पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास की भी जिम्मेदारी संभालेंगे। छत्तीसगढ़ सरकार में सीएम के बाद दूसरे बड़े नेता के रूप में श्याम बिहारी जायसवाल को प्रदेश में देखा जाने लगा है और इसी खुशी के मौके पर क्षेत्र की जनता ने अपने विधायक का स्वागत करने भरी बरसात में भी भाजपा कार्यालय चिरमिरी बड़ा बाजार पहुंचे जहां मंत्री के आगमन पर पटाखों की लडि़यां जलाई गई और ढोल नगाड़ों के धुन पर जोरदार स्वागत किया गया। इस मौके पर चिरमिरी भाजपा कार्यालय पहुंचे मंत्री जी सबसे पहले भाजपा की रीढ़ कहे जाने वाले महापुरुषों समेत भारत माता के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर नमन किया और इसके बाद भाजपा कार्यालय में एकत्र हुए जिले और मंडल के पदाधिकारियों से चर्चा की। इस दौरान मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि कैबिनेट विस्तार मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार होता है, उन्होंने मेरे जैसे कार्यकर्ता को पहले स्वास्थ्य विभाग की अहम जिम्मेदारी दी और अब पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास की जिम्मेदारी दी है, निश्चित तौर पर मुख्यमंत्री जी, भाजपा और प्रदेश की जनता के उम्मीदों पर 100 प्रतिशत खरा उतरने का प्रयास करूंगा। उक्त स्वागत कार्यक्रम में निगम के महापौर राम नरेश सिंह, पूर्व महापौर डमरू बेहरा, सभापति संतोष सिंह, मंडल अध्यक्ष पुरुषोत्तम सोनकर, मंडल महामंत्री रीत जैन,धर्मेंद्र त्रिपाठी,जिला महामंत्री द्वारिका प्रसाद जायसवाल, राम लखन सिंह,समुद्दीन सिद्दीकी,विधायक प्रतिनिधि राजू नायक,राजकुमार बधावन सहित भाजपा के जिला और मंडल पदाधिकारीगण, महिला मोर्चा और पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता,महिला विंग मौजूद रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur