अंबिकापुर,24 अगस्त 2025 (घटती-घटना)। लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लोसंगी में 30 मई को अवैध रूप से विद्युत हुकिंग कर खेत की घेराबंदी में करंट प्रवाहित करने से दो लोगों की मौत हो गई थी। मामले में फरार चल रहे आरोपी रघुनाथ माझी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार जगेश्वर यादव ने 31 मई को थाना लखनपुर मामले की जानकारी पुलिस को दी थी। उसने बताया कि 30 मई को नीरसाय ने अपने घर की छानी मरम्मत करवाई थी और शाम को मरम्मत के बाद अपने साथी विष्णु माझी के साथ ससुराल जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन रात में वापस नहीं लौटा था। दूसरे दिन सुबह रामनंदन माझी ने फोन कर बताया कि गांव के पास खर्रा (बुल्हट) नाले के पास दोनों की लाश पड़ी है। जांच में सामने आया कि रघुनाथ माझी ने अपने खेत की सुरक्षा के लिए अवैध रूप से बिजली खंभे से हुकिंग कर बैटरी के झटके देने वाले तार लगा रखा था। इन्हीं तारों के संपर्क में आने से नीरसाय यादव और विष्णु माझी की मौत हो गई थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों का पंचनामा और पोस्टमॉर्टम कराया, जिसमें मौत का कारण बिजली करंट बताया गया। जांच के दौरान घटनास्थल से तार जत किए गए। मामले में पुलिस ने धारा 105 बीएनएस एवं 135 विद्युत अधिनियम के तहत आरोपी रघुनाथ माझी (59 वर्ष) के खिलाफ कार्रवाई कर जेल दाखिल कर दिया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur