Breaking News

अंबिकापुर@जर्जर दीवार गिरने से मासूम बच्ची की मौत,मां गंभीर घायल

Share

अंबिकापुर,14 अगस्त 2025 (घटती-घटना)। लहपटरा मंदिरपारा गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 6 वर्षीय मासूम रिया राजवाड़े की मौत हो गई, जबकि उसकी मां पार्वती राजवाड़े गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों पर जर्जर मकान की दीवार गिर गई, जिससे वे मलबे में दब गईं। घटना सुबह 9 बजे की है। पार्वती राजवाड़े, पति कृपाल राजवाड़े, अपनी बेटी रिया को स्कूल लाने मायके बाजारपारा गई थीं। लौटते समय रास्ते में शंभू राजवाड़े के कच्चे मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। तेज बारिश के कारण दीवार में पहले से दरारें थीं और नमी के चलते वह कमजोर हो चुकी थी। दीवार गिरते ही बच्ची पूरी तरह मलबे में दब गई, जबकि मां का सिर बाहर था। मौके पर मौजूद बच्ची के दादा आलम साय और ग्रामीणों ने तुरंत मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल मां-बेटी को तत्काल संजीवनी 108 एम्बुलेंस से मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को बेहतर उपचार की सुविधा देने के निर्देश भी दिए। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने बच्ची को सुबह 10ः26 बजे मृत घोषित कर दिया। मां पार्वती की हालत गंभीर बनी हुई है, उनकी कमर और जांघ की हड्डी बुरी तरह टूट चुकी है। मृत बच्ची के पिता कृपाल राजवाड़े ने बताया कि रिया का इस साल गांव के सरकारी स्कूल में कक्षा पहली में दाखिला कराया गया था। वे इस हादसे से गहरे सदमे में हैं। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है और आगे की जांच जारी है।


Share

Check Also

बलरामपुर @एनएच-343 पर परिवहन व यातायात विभाग की संयुक्त कार्रवाई

Share बिना परमिट चल रही स्कूल बस जब्त,10 हजार रुपये का चालानबलरामपुर ,22 अप्रैल 2026 …

Leave a Reply