कुसमी,20 जुलाई 2025 (घटती-घटना)। जिला बलरामपुर के कुसमी तहसील क्षेत्र में भू-अभिलेखों की कूट रचना और अवैध भूमि प्रविष्टि से जुड़े संगठित षड्यंत्र के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में एक महिला,एक तत्कालीन पटवारी और एक अन्य ग्रामीण शामिल हैं। सभी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
प्रकरण की शिकायत नायब तहसीलदार पारस शर्मा द्वारा थाना कुसमी में दर्ज कराई गई। आवेदन में बताया गया कि वर्ष 2013-14 में ग्राम कंजिया की भूमि खसरा नंबर 536/5 (रकबा 0.012 हेक्टेयर) पर अवैधानिक रूप से सरस्वती गुप्ता के नाम से फर्जी प्रविष्टि दर्ज की गई थी। आरोप है कि इस फर्जीवाड़े में तत्कालीन पटवारी बिहारी कुजूर और अंबिकेश गुप्ता की भी भूमिका रही। सरस्वती गुप्ता ने न्यायालय में एक कूटरचित आदेश पेश किया, जिसे अंबिकेश गुप्ता ने असली बताते हुए वर्ष 2012-13 के राजस्व अभिलेखों में छेड़छाड़ कर अवैध रूप से दर्ज किया।
इन धाराओं में दर्ज हुआ अपराध
प्रकरण में धारा 420 (धोखाधड़ी),467 (दस्तावेजों की जालसाजी),468 (धोखाधड़ी हेतु जालसाजी),471 (जाली दस्तावेज का प्रयोग),120-बी (षड्यंत्र), और 34 (सामूहिक अपराध) के तहत अपराध क्रमांक 61/2025 पंजीबद्ध किया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने कुबूला अपराध
गिरफ्तार आरोपियों में सरस्वती गुप्ता पति स्वर्गीय मोतीलाल गुप्ता,निवासी कुसमी,बिहारी कुजूर, तत्कालीन हल्का पटवारी,तहसील कार्यालय कुसमी और अंबिकेश गुप्ता पिता स्वर्गीय मोतीलाल साहू, निवासी कुसमी शामिल हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहाँ उन्होंने अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद सभी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर और भी गिरफ्तारियां की जा सकती हैं। पुलिस विभाग के अनुसार,मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल दी गई और उनके निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि राजस्व अभिलेखों से जुड़े ऐसे मामलों में अब शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जाएगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur