अम्बिकापुर,18 जुलाई 2025 (घटती-घटना)।पुलिस अधीक्षक सरगुजा द्वारा यातायात पुलिस टीम को भारी वाहनों में लगे प्रेशर हॉर्न पर सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। प्रेशर हॉर्न से निकलने वाली तेज आवाज न केवल राहगीरों और अन्य वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बनती है, बल्कि यह सुनने की क्षमता को भी प्रभावित करती है। इसके अलावा, अचानक प्रेशर हॉर्न की आवाज से वाहन चालक घबराकर संतुलन खो सकते हैं, जिससे सडक हादसों का खतरा बढ़ सकता है। यातायात पुलिस टीम ने इस संदर्भ में गत दिवस बस स्टैंड अंबिकापुर और अन्य प्रमुख मार्गों पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान प्रमुखता से बसों में लगे प्रेशर हॉर्न की जांच की गई। जिसमें अधिकतर वाहनों में प्रेशर हॉर्न पाया गया। वाहन चालकों को इस बारे में समुचित जानकारी दी गई और उनके वाहनों से प्रेशर हॉर्न निकालवाए गए। कुल 25 बसों में लगे प्रेशर हॉर्न निकालने के बाद, वाहन चालकों से 50 हजार रुपये का समन शुल्क वसूला गया। पुलिस ने बस चालकों को समझाया कि भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर प्रेशर हॉर्न बजाने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है और उन्हें निर्धारित आवाज वाले सामान्य हॉर्न का उपयोग करने की सलाह दी।
आगे से यदि बसों में प्रेशर हॉर्न पाया गया, तो सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। चेकिंग अभियान में यातायात शाखा प्रभारी विजय कैवर्त, उप निरीक्षक अभय तिवारी, सहायक उप निरीक्षक सीपी सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी सक्रिय रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur