साई कॉलेज में मना विश्व योग दिवस
- अम्बिकापुर,२1 जून 2025 (घटती-घटना)। श्री साई बाबा आदर्श स्नातकोत्तर महाविद्यालय एवं नेहरू युवा केन्द्र सरगुजा इकाई के संयुक्त तत्वावधान में विश्व योग दिवस के उपलक्ष्य पर एक पृथ्वी,एक स्वास्थ्य के लिये योग थीम पर शनिवार को प्राध्यापक,कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने योग किया। आर्ट ऑफ लिविंग के योग प्रशिक्षक शिव कुमार,भोला और गंजीत कुमार ने सभी को बज्रासन, मयुरासन, अर्धउष्ट्रासन, भ्रामरी, वृक्षासन, तड़ासन, कपालभाति, अनुलोम-विलोम आदि के लाभ बताते हुए अभ्यास कराया। उन्होंने प्रत्येक आसन की स्थिति और उसके अभ्यास की अवधि से अवगत कराया। उन्होंने इस दौरान बताया कि जब आप श्वास और प्रश्वास के साथ शारीरिक अभ्यास करते हैं तो योग होता है। आप सिर्फ शारीरिक स्तर पर अभ्यास करते हैं तो व्यायाम होगा। उन्होंने योग और व्यायाम की स्थिति से अवगत कराया। योग कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य डॉ. राजेश श्रीवास्तव ने शरीर की गतिविधियां और उनसे सम्बंधित योग और प्राणायाम के बारे में बताया।
इससे पहले अथितियों ने मां सरस्वती और श्री साई नाथ की तस्वीर पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। योग कार्यक्रम के बाद कला एवं समाजकार्य विभाग के अध्यक्ष डॉ. आर.एन. शर्मा ने सभी से प्रतिदिन नियमित योग करने का आह्वान किया।
इस दौरान प्राचार्य डॉ. राजेश श्रीवास्तव ने सभी को योग करने और जीवन में योग अपनाने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम के दौरान लाइफ साईंस के अध्यक्ष अरविन्द तिवारी, फिजीकल साईंस के अध्यक्ष शैलेष देवांगन, वाणिज्य एवं प्रबंध विभाग के अध्यक्ष राकेश देवांगन, शिक्षा विभाग के अध्यक्ष दिनेश शाक्य, कम्प्यूटर एंड आईटी के अध्यक्ष डॉ. विवेक कुमार गुप्ता तथा सभी प्राध्यापक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur