जमीन विवाद में की थी निर्मम हत्या,आरोपी पहले भी हत्या के मामले में जा चुका है जेल
बलरामपुर,14 जून 2025 (घटती-घटना)। जि़ले के सामरीपाठ थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां जमीन विवाद को लेकर एक आदतन अपराधी ने दिव्यांग बालिका की हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार बिरहोरपाठ निवासी देवप्रसाद नगेसिया ने 12 जून को सामरीपाठ थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उसका चचेरा भाई रोपना उर्फ विशुनदेव नगेसिया (35 वर्ष) ने उसकी दिव्यांग बेटी पार्वती नगेसिया को घर में अकेला पाकर पत्थर तोड़ने वाले हथौड़े से सिर पर वार कर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, तभी गांव के राजकुमार नगेसिया ने उसे पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान आरोपी ने राजकुमार पर भी जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया।
इस मामले में थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह की टीम ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को घटना से अवगत कराया। पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठीऔर अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) इम्मानुएल लकड़ा के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित कर सघन खोजबीन शुरू की गई। जंगल में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध करना स्वीकार कर लिया।आरोपी के खिलाफ धारा 332 (क), 103 (1), 109 ख्हृस् के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी पूर्व में भी हत्या के मामले में जेल जा चुका है।
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी के साथ प्रधान आरक्षक संदीप बागीस, आरक्षक चन्द्रसेन राजपूत, श्रवण कुमार, अजय कुमार, अनिल साहू और महिला आरक्षक नमिता किण्डो की विशेष भूमिका रही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur