- दरबार मंत्री के यहां लगा,खरीदी की कमान पुराने चेहरों को मिली! सहकारिता में निर्देशों का ऐसा हुआ पालन?
- मंत्री के निर्देश हवा में,सहकारिता के दरबार में तय हुई खरीदी की नई पटकथा! जेल जा चुके मन्नूलाल को करोड़ों के लेनदेन की जिम्मेदारी, साधना फिर ऑनलाइन खरीदी में सक्रिय?
- अनिल बनज की मेहरबानी या नियमों की अनदेखी? विवादों में घिरे कर्मचारियों को फिर मिली धान खरीदी में भूमिका!
- मंत्री ने कहा विवादित कर्मचारियों को खरीदी से दूर रखो,अधिकारियों ने चपरासी को ही सौंप दी करोड़ों की कमान!
- लक्ष्मी राजवाड़े के निर्देश बेअसर,अनिल बनज के संरक्षण में पुरानों की वापसी? शिवप्रसादनगर खरीदी केंद्र में नई पटकथा!
- चपरासी के हाथ करोड़ों का लेनदेन, ऑनलाइन खरीदी में साधना का नाम! मंत्री के निर्देशों की सहकारिता में उड़ी धज्जियां?
- पशुपालन ऋण प्रकरण में जेल,अब धान खरीदी में अहम जिम्मेदारी! शिवप्रसादनगर में जवाबदेही पर बड़े सवाल
- सहकारिता विभाग में निर्देशों का पालन अपनी सुविधा से? प्रभारी उप पंजीयक अनिल कुमार बनज की भूमिका पर उठे सवाल,पर्दे के पीछे पुराने कर्मचारियों के सक्रिय रहने की शिकायत

-ओंकार पाण्डेय-
सूरजपुर,26 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। धान खरीदी शुरू होने से पहले मंत्री के निवास पर सहकारिता विभाग का दरबार सजा, किसानों को परेशान नहीं करने, खरीदी में पारदर्शिता रखने और पिछले वर्ष की अनियमितताओं में आरोपित कर्मचारियों को इस बार खरीदी कार्य से दूर रखने के निर्देश दिए गए,बैठक में मौजूद अधिकारियों और समिति प्रबंधकों ने निर्देश सुने, व्यवस्था सुधारने का भरोसा भी दिया गया होगा,लेकिन अब सवाल यह है कि उस दरबार में दिए गए निर्देशों का खरीदी केंद्रों तक पहुंचते-पहुंचते क्या हुआ? क्या निर्देशों का पालन हुआ या फिर फाइलों में निर्देश और समितियों में व्यवस्था अपने-अपने रास्ते चल पड़ी? शिवप्रसादनगर धान खरीदी केंद्र से सामने आ रही जानकारी ने इसी सवाल को फिर खड़ा कर दिया है,आरोप है कि यहां धान खरीदी की जिम्मेदारी मन्नू लाल नामक कर्मचारी को सौंप दी गई है,जो समिति में चपरासी के पद पर कार्यरत बताए जा रहे हैं,इतना ही नहीं,उनके पास खरीदी से जुड़े बड़े वित्तीय लेनदेन की जिम्मेदारी भी दिए जाने की बात सामने आ रही है,दूसरी ओर,ऑनलाइन टोकन और खरीदी प्रक्रिया में साधना कुशवाहा का नाम सक्रिय होने का आरोप है,जबकि उनके संबंध में पूर्व में सामने आई शिकायतों और कार्रवाई के बाद उन्हें खरीदी कार्य से दूर रखने की अपेक्षा की जा रही थी,यानी कागजों पर प्रभारी कोई और, ऑनलाइन प्रक्रिया में नाम किसी और का और पर्दे के पीछे कामकाज संभालने वाले चेहरे भी कथित तौर पर पुराने! ऐसे में सवाल उठता है कि शिवप्रसादनगर समिति में धान खरीदी आखिर किसके नियंत्रण में चल रही है? जवाबदेही किसकी होगी? और सबसे अहम—मंत्री के निर्देशों का पालन कराने की जिम्मेदारी जिन अधिकारियों की थी, वे आखिर कर क्या रहे हैं?
मंत्री ने कहा था विवादितों को दूर रखो,समिति में जिम्मेदारी किस आधार पर बंटी?- 11 नवंबर को वीरपुर स्थित अपने निवास पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने धान खरीदी की तैयारियों को लेकर बैठक की थी,बैठक में प्रभारी उप पंजीयक सहकारिता अनिल कुमार बनज,जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के नोडल अधिकारी दिलीप दुबे और समिति प्रबंधक मौजूद थे,बैठक का घोषित उद्देश्य किसानों को परेशानी से बचाना और खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाना था, मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि पिछले वर्ष धान खरीदी में अनियमितताओं के आरोपों से घिरे कर्मचारियों को इस वर्ष खरीदी कार्य से दूर रखा जाए,ऐसे कर्मचारियों को दूसरी समितियों में भी संलग्न नहीं किया जाए, यह निर्देश इसलिए महत्वपूर्ण था क्योंकि धान खरीदी में गड़बड़ी की शिकायतें केवल किसानों की परेशानी तक सीमित नहीं रहतीं, बल्कि सरकारी धन,किसानों के भुगतान और सहकारी संस्थाओं की विश्वसनीयता से भी जुड़ी होती हैं,लेकिन शिवप्रसादनगर की वर्तमान व्यवस्था को लेकर सामने आ रहे आरोपों ने मंत्री के निर्देशों के क्रियान्वयन पर सवाल खड़े कर दिए हैं,क्या बैठक के बाद प्रभारी उप पंजीयक ने सभी समितियों से कर्मचारियों की सूची मंगाई? क्या जिन कर्मचारियों के विरुद्ध शिकायतें,विभागीय कार्रवाई या आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की जानकारी थी,उनकी भूमिका का परीक्षण किया गया? क्या विवादित कर्मचारियों को खरीदी से अलग रखने के लिए लिखित आदेश जारी हुए? यदि निर्देश जारी हुए तो शिवप्रसादनगर में उनका पालन किस तरह हुआ? और यदि पालन नहीं हुआ तो जिम्मेदार अधिकारी कौन है?
चपरासी को खरीदी की कमान! करोड़ों के लेनदेन की जिम्मेदारी किस नियम से?- शिवप्रसादनगर समिति में मन्नू लाल को धान खरीदी प्रभारी बनाए जाने की जानकारी सामने आई है, आरोप यह भी है कि करोड़ों के पशुपालन ऋण प्रकरण में वित्तीय अनियमितता में मन्नूलाल व साधन कुशवाहा दोनों को जेल जाना पड़ा था, उन्हें धान खरीदी से जुड़े करोड़ों रुपये के वित्तीय लेनदेन के लिए अधिकृत किया गया है,यदि यह तथ्य सही है तो यह सामान्य प्रशासनिक निर्णय नहीं,बल्कि गंभीर परीक्षण का विषय है,धान खरीदी में केवल बोरियों की गिनती और किसानों से धान लेने का काम नहीं होता,इसमें किसानों के पंजीयन,टोकन,तौल,बारदाना,स्टॉक, ऑनलाइन प्रविष्टि,खरीदी के अभिलेख,भुगतान और वित्तीय लेनदेन जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं, इन सभी कार्यों की जिम्मेदारी निर्धारित नियमों, पद और लिखित अधिकारों के अनुसार तय होनी चाहिए,ऐसे में बैंक प्रबंधन को बताना चाहिए कि मन्नू लाल को किस पद और किस आदेश के आधार पर खरीदी प्रभारी बनाया गया? क्या उन्हें वित्तीय लेनदेन का अधिकार भी दिया गया है? यदि हां,तो उसकी सीमा क्या है? क्या इस नियुक्ति के लिए सक्षम अधिकारी की अनुमति ली गई? क्या समिति के बोर्ड या प्राधिकृत अधिकारी का प्रस्ताव है? क्या बैंक के सेवा नियमों और वित्तीय अधिकारों की सीमा का परीक्षण किया गया? मन्नू लाल के संबंध में यह आरोप भी सामने आया है कि शिवप्रसादनगर समिति से जुड़े पशु ऋण प्रकरण में उनका नाम आया था और इस मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद उन्हें जेल जाना पड़ा था, बताया जा रहा है कि वे वर्तमान में अग्रिम जमानत पर हैं। इस मामले की वास्तविक स्थिति एफआईआर,न्यायालयीन आदेश और संबंधित दस्तावेजों से स्पष्ट की जानी चाहिए,केवल आरोप या गिरफ्तारी को दोषसिद्धि नहीं माना जा सकता,लेकिन यदि कोई गंभीर वित्तीय प्रकरण लंबित है तो उसे देखते हुए संवेदनशील वित्तीय जिम्मेदारी सौंपने के औचित्य पर सवाल उठना स्वाभाविक है, आखिर सहकारी बैंक में जिम्मेदारी का पैमाना क्या है—पद,अनुभव और नियम या फिर किसी अधिकारी की स्वीकृति भर?
प्रभारी मन्नू लाल,ऑनलाइन व्यवस्था में साधना कुशवाहा का नाम?- इस पूरे मामले का सबसे दिलचस्प और गंभीर पहलू साधना कुशवाहा से जुड़ा है,आरोप है कि कागजों पर भले ही धान खरीदी का प्रभार मन्नू लाल को दिया गया हो,लेकिन ऑनलाइन प्रक्रिया और टोकन व्यवस्था में साधना कुशवाहा का नाम सामने आ रहा है,यदि यह जानकारी सही है तो समिति की वास्तविक कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े होते हैं,क्या साधना कुशवाहा को ऑनलाइन टोकन जारी करने या खरीदी की प्रविष्टियां करने का अधिकार दिया गया है? क्या उनका यूजर आईडी सक्रिय है? क्या वे केवल तकनीकी कार्य कर रही हैं या खरीदी के संचालन में भी भूमिका निभा रही हैं? यदि उन्हें खरीदी कार्य से दूर रखने की व्यवस्था थी तो ऑनलाइन प्रक्रिया में उनका नाम कैसे और किस आदेश से आया? साधना कुशवाहा के विरुद्ध पूर्व में धान खरीदी और पशु ऋण से जुड़े मामलों में गंभीर आरोप और शिकायतें सामने आई थीं,उनके संबंध में विभागीय कार्रवाई की जानकारी भी सार्वजनिक हुई थी,ऐसे में मंत्री के निर्देशों के बाद भी यदि उनका नाम खरीदी की ऑनलाइन व्यवस्था में सक्रिय है तो बैंक और सहकारिता विभाग को इसका स्पष्ट जवाब देना चाहिए, यहां सवाल किसी व्यक्ति को बिना जांच दोषी ठहराने का नहीं है,सवाल यह है कि जब किसी कर्मचारी की भूमिका को लेकर पहले से शिकायतें और विवाद मौजूद हों,तब उसे खरीदी जैसी संवेदनशील प्रक्रिया में किस आधार पर शामिल किया गया? क्या विभाग ने पुराने मामलों की स्थिति देखी? क्या सक्षम अधिकारी ने लिखित अनुमति दी? और क्या मंत्री के निर्देशों की अनदेखी हुई?
पर्दे के पीछे पुराने चेहरे,सामने नया प्रभारी?- विभागीय स्तर पर यह आरोप भी सामने आ रहा है कि खरीदी की जिम्मेदारी भले ही नए नाम से दिखाई जा रही हो,लेकिन वास्तविक कामकाज में पुराने कर्मचारी ही सक्रिय हैं,यदि ऐसा है तो फिर नाम बदलने का औचित्य क्या है? क्या यह केवल कागजों पर जिम्मेदारी बदलने की व्यवस्था है,जबकि खरीदी का वास्तविक संचालन पहले की तरह ही चल रहा है? इसका जवाब किसी मौखिक बयान से नहीं, बल्कि दस्तावेजों से मिल सकता है,खरीदी केंद्र की ड्यूटी सूची,प्रभारी नियुक्ति आदेश, ऑनलाइन लॉगिन रिकॉर्ड, टोकन जारी करने वाले यूजर आईडी,दैनिक खरीदी प्रतिवेदन,स्टॉक रजिस्टर और भुगतान से जुड़े अधिकृत हस्ताक्षरों का परीक्षण किया जाए तो वास्तविक स्थिति सामने आ सकती है,यदि मन्नू लाल प्रभारी हैं तो उनके अधिकारों और कार्यक्षेत्र का लिखित विवरण सार्वजनिक होना चाहिए,यदि साधना कुशवाहा ऑनलाइन प्रक्रिया संचालित कर रही हैं तो उनके अधिकृत किए जाने का आदेश सामने आना चाहिए,और यदि अन्य कर्मचारी वास्तविक रूप से खरीदी का संचालन कर रहे हैं तो उनकी भूमिका भी स्पष्ट होनी चाहिए, क्योंकि किसी गड़बड़ी की स्थिति में केवल कागजों पर दर्ज प्रभारी को जिम्मेदार ठहराना पर्याप्त नहीं होगा,जिम्मेदारी उस व्यक्ति की भी तय होनी चाहिए जिसके हाथ में वास्तविक नियंत्रण और निर्णय की शक्ति थी।
अनिल कुमार बनज के संरक्षण में किसकी व्यवस्था चल रही है?-सहकारिता विभाग के प्रभारी उप पंजीयक अनिल कुमार बनज की भूमिका भी इस पूरे मामले में सवालों के घेरे में है,सोनपुर समिति से जुड़े पुराने विवादों से लेकर शिवप्रसादनगर की वर्तमान व्यवस्था तक,विभागीय निर्णयों और कर्मचारियों की तैनाती को लेकर शिकायतें सामने आती रही हैं,आरोप यह है कि कुछ कर्मचारियों को लेकर विभागीय स्तर पर लगातार नरमी बरती जाती है, जबकि अन्य मामलों में कार्रवाई की गति अलग दिखाई देती है,हालांकि किसी अधिकारी पर संरक्षण देने का आरोप अपने आप में प्रमाण नहीं है,लेकिन यदि समितियों में विवादित कर्मचारियों की भूमिका बार-बार सामने आ रही है तो विभाग को यह बताना होगा कि शिकायतों पर क्या कार्रवाई हुई और जिम्मेदारियां तय करते समय किन मानकों का पालन किया गया, अनिल कुमार बनज को स्पष्ट करना चाहिए कि शिवप्रसादनगर समिति में मन्नू लाल को खरीदी प्रभारी बनाने की जानकारी उन्हें थी या नहीं? क्या उन्होंने इस नियुक्ति का परीक्षण किया? क्या साधना कुशवाहा की ऑनलाइन भूमिका की जानकारी विभाग को है? क्या मंत्री के निर्देशों के बाद सभी समितियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए थे? यदि जारी किए गए थे तो उनका पालन सुनिश्चित करने के लिए क्या निरीक्षण हुआ? यदि सब कुछ नियमों के तहत हुआ है तो आदेश सार्वजनिक किए जाएं, और यदि नियमों से हटकर किसी को जिम्मेदारी दी गई है तो उसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए।
दरबार में निर्देश,केंद्र में अलग व्यवस्था—मंत्री तक पहुंचेगी असली रिपोर्ट?-मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की बैठक में किसानों की सुविधा, पारदर्शी खरीदी और विवादित कर्मचारियों को खरीदी से दूर रखने की बात हुई थी,लेकिन अब शिवप्रसादनगर से सामने आ रही जानकारी के बाद यह सवाल उठता है कि क्या मंत्री तक खरीदी केंद्रों की वास्तविक स्थिति पहुंचाई जा रही है या उन्हें केवल तैयारियों की औपचारिक रिपोर्ट दी जा रही है? किसी बैठक में निर्देश देना एक प्रशासनिक प्रक्रिया है,लेकिन उन निर्देशों का पालन कराना उससे भी बड़ी जिम्मेदारी है, यदि मंत्री के निर्देशों के बावजूद समिति में उन्हीं कर्मचारियों की भूमिका बनी रहती है जिनके संबंध में पहले से शिकायतें हैं, तो यह जानना जरूरी है कि चूक कहां हुई—समिति स्तर पर, बैंक प्रबंधन में या सहकारिता विभाग के स्तर पर? मंत्री को भी यह जानकारी दी जानी चाहिए कि उनके निर्देशों के बाद कितने कर्मचारियों को खरीदी से अलग किया गया,कितने केंद्रों में जिम्मेदारियां बदली गईं और किन समितियों में पुराने विवादित कर्मचारियों की भूमिका अब भी बनी हुई है।
किसानों के नाम पर खरीदी, लेकिन जवाबदेही किसके नाम?-धान खरीदी का पूरा तंत्र किसानों के भरोसे पर चलता है, किसान अपनी उपज लेकर केंद्र पहुंचता है तो उसे उम्मीद रहती है कि उसका टोकन समय पर कटेगा, तौल सही होगी,भुगतान में देरी नहीं होगी और उसकी उपज का रिकॉर्ड पारदर्शी तरीके से दर्ज होगा। लेकिन यदि खरीदी केंद्र में ही यह स्पष्ट नहीं है कि प्रभारी कौन है,ऑनलाइन प्रक्रिया कौन चला रहा है और वित्तीय अधिकार किसके पास हैं, तो व्यवस्था की पारदर्शिता पर सवाल उठना लाजिमी है,इसलिए शिवप्रसादनगर का मामला केवल मन्नू लाल या साधना कुशवाहा की तैनाती तक सीमित नहीं है, यह सहकारी संस्थाओं में जिम्मेदारी निर्धारण, वित्तीय अधिकारों और विभागीय निगरानी की परीक्षा है, किसी भी कर्मचारी को केवल आरोपों के आधार पर दोषी नहीं ठहराया जाना चाहिए, लेकिन किसी भी कर्मचारी को बिना स्पष्ट आदेश और अधिकारों की जांच के संवेदनशील जिम्मेदारी भी नहीं दी जानी चाहिए।
बैंक और सहकारिता
विभाग से सीधे सवाल
- शिवप्रसादनगर समिति में मन्नू लाल को खरीदी प्रभारी बनाने का लिखित आदेश किस अधिकारी ने जारी किया?
- क्या मन्नू लाल को करोड़ों रुपये के वित्तीय लेनदेन का अधिकार दिया गया है? यदि हां, तो किस नियम और आदेश के तहत?
- उनके विरुद्ध पशु ऋण प्रकरण में दर्ज एफआईआर की वर्तमान स्थिति क्या है?
- साधना कुशवाहा का नाम ऑनलाइन टोकन और खरीदी प्रक्रिया में किस आधार पर सक्रिय है?
- क्या साधना कुशवाहा को खरीदी कार्य से दूर रखने के संबंध में कोई लिखित आदेश जारी हुआ था?
- ऑनलाइन टोकन,खरीदी प्रविष्टि और स्टॉक संधारण का वास्तविक काम कौन कर रहा है?
- क्या मंत्री के निर्देशों के बाद विवादित कर्मचारियों की सूची तैयार कर सभी समितियों को भेजी गई थी?
- प्रभारी उप पंजीयक अनिल कुमार बनज ने शिवप्रसादनगर समिति की तैनाती और वित्तीय अधिकारों का परीक्षण किया है या नहीं?
- यदि किसी कर्मचारी के विरुद्ध गंभीर शिकायत या आपराधिक प्रकरण लंबित है तो उसे संवेदनशील जिम्मेदारी देने का आधार क्या है?
- क्या बैंक प्रबंधन ऑनलाइन लॉगिन रिकॉर्ड, ड्यूटी सूची और खरीदी प्रभारी के आदेश की जांच कर सार्वजनिक करेगा?
अब निर्देशों की नहीं,कार्रवाई की परीक्षा है-मंत्री के निवास पर बैठक हुई, निर्देश दिए गए और किसानों को राहत देने का भरोसा जताया गया,लेकिन शिवप्रसादनगर समिति से उठ रहे सवालों का जवाब केवल प्रेस विज्ञप्ति या मौखिक सफाई से नहीं मिलेगा,इसके लिए नियुक्ति आदेश,वित्तीय अधिकार,ऑनलाइन लॉगिन और वास्तविक कार्यप्रणाली की जांच जरूरी है,यदि मन्नू लाल की नियुक्ति नियमसम्मत है तो उसका आदेश सामने रखा जाए, यदि साधना कुशवाहा ऑनलाइन व्यवस्था में अधिकृत हैं तो उसका आधार बताया जाए, यदि पुराने कर्मचारियों की कोई भूमिका नहीं है तो लॉगिन और ड्यूटी रिकॉर्ड से स्थिति स्पष्ट की जाए,और यदि मंत्री के निर्देशों का पालन नहीं हुआ है तो जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो,क्योंकि धान खरीदी का दरबार केवल बैठक में सजाने से व्यवस्था पारदर्शी नहीं होती,निर्देशों की असली परीक्षा खरीदी केंद्र में होती है,वहां यदि कागजों पर एक चेहरा, ऑनलाइन व्यवस्था में दूसरा और वास्तविक संचालन में तीसरा चेहरा दिखाई दे,तो सवाल उठना तय है—शिवप्रसादनगर में धान खरीदी की कमान आखिर किसके हाथ में है और जवाबदेही किसकी होगी?
करोड़ों के पशुपालन ऋण प्रकरण में मन्नूलाल और साधना कुशवाहा को भी जाना पड़ा था जेल!-
शिवप्रसादनगर समिति से जुड़े करोड़ों रुपये के कथित पशुपालन ऋण घोटाले में मन्नूलाल और साधना कुशवाहा दोनों के नाम सामने आए, इस प्रकरण में वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों के बाद दोनों को जेल जाना पड़ा था, ऐसे में सवाल यह है कि जिस कर्मचारी पर गंभीर वित्तीय अनियमितताओं के प्रकरण में कार्रवाई हो चुकी हो, उसे दोबारा धान खरीदी जैसी संवेदनशील व्यवस्था में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देने का आधार क्या है? मन्नूलाल को करोड़ों रुपये के वित्तीय लेनदेन के लिए अधिकृत किए जाने और ऑनलाइन खरीदी-टोकन प्रक्रिया में साधना कुशवाहा की भूमिका बने रहने के आरोपों ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है, क्या विभाग ने पुराने प्रकरणों, जमानत की स्थिति और विभागीय कार्रवाई की समीक्षा किए बिना ही इन्हें फिर से जिम्मेदारी सौंप दी?
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur